0 0
Read Time:5 Minute, 13 Second

DB l जबलपुर में दीपावली पर्व को ध्यान में रखते हुए इस सप्ताह निरीक्षण अभियान शहर की सुरक्षा, स्वच्छता और नागरिक सुविधा को सुनिश्चित करने के लिए चलाए गए। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह, पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय और नगर निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार के नेतृत्व में अलग-अलग क्षेत्रों में औचक निरीक्षण कर जिम्मेदार अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

खाद्य सामग्री में मिलावट पर शिकंजा: मिठाई और नमकीन के लिए लिए गए नमूने

दीपावली के पहले खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जबलपुर शहर के विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के निर्देश पर गुरुवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारी देवेंद्र कुमार दुबे के नेतृत्व में खोवा, पनीर, रसगुल्ला, नमकीन और मिठाइयों के नमूने विभिन्न दुकानों से परीक्षण हेतु लिए गए।

निरीक्षण किए गए स्थानों में अंधमूक बायपास स्थित नर्मदा मिष्ठान्न भंडार, गढ़ा की भारतीय होटल, दीनदयाल चौक केशरवानी मिष्ठान्न, बरेला की विश्वकर्मा होटल, न्यू केशरवानी स्वीट्स, बीकानेर स्वीट्स, सिंह स्वीट्स, बंगाली स्वीट्स सहित कुल 20 से अधिक प्रतिष्ठान शामिल रहे।

निरीक्षण के दौरान मौके पर ही खोवा और पनीर में स्टार्च, यूरिया और डिटर्जेंट की जांच भी की गई। अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान त्योहारी सीजन में दूषित खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के उद्देश्य से लगातार जारी रहेगा।

घाटों पर दीपोत्सव की तैयारी: निगमायुक्त ने सफाई और व्यवस्थाओं का लिया जायजा

दीपावली और नर्मदा पूजन को देखते हुए नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने शहर के प्रमुख घाटों — उमाघाट, गौरीघाट, तिलवाराघाट और दरोगाघाट का निरीक्षण किया।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि घाटों पर प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, पीने के पानी और पार्किंग व्यवस्था को उच्च स्तरीय बनाया जाए, ताकि नागरिक रोशनी और रंगोली से सजे तटों पर स्वच्छ वातावरण में दीपोत्सव मना सकें।

निगम आयुक्त ने यह भी कहा कि दीपावली की रात मां नर्मदा के तटों को दूधिया रोशनी और रंगीन दीपों से सजाया जाए, जिससे घाटों का सौंदर्य और धार्मिक महत्व और भी निखरे। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त संभव अयाची, मेट्रो बस सीईओ सचिन विश्वकर्मा, कार्यपालन यंत्री नवीन लोनारे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

कठोंदा पटाखा बाजार में सुरक्षा परख: कलेक्टर और एसपी ने दिए सख्त निर्देश

कठोंदा स्थित थोक पटाखा बाजार में गुरुवार को कलेक्टर राघवेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने निरीक्षण कर पटाखा व्यापारियों को सुरक्षा मानकों के पालन के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान लाइसेंस, स्टॉक रजिस्टर, अग्निशमन यंत्र, और इलेक्ट्रिक सेफ्टी सर्टिफिकेट की जांच की गई। अधिकारियों ने कहा कि दुकानों में CO₂ युक्त अग्निशमन यंत्र अनिवार्य रूप से लगे हों और दुकान पर लाइसेंसधारी व्यक्ति की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए।

कलेक्टर ने पटाखा बाजार में वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने और पार्किंग को बाजार से दूर रखने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण में अपर आयुक्त विद्यावानंद वाजपेयी, एसडीएम पंकज मिश्रा, तहसीलदार संदीप जायसवाल और नगर निगम के फायर अधिकारी कुशाग्र ठाकुर भी शामिल रहे।

Happy
Happy
0 %
Sad
Sad
0 %
Excited
Excited
0 %
Sleepy
Sleepy
0 %
Angry
Angry
0 %
Surprise
Surprise
0 %