DB l 3 दिन में 10 से ज्यादा स्कूल-कॉलेज को धमकी, दिल्ली पुलिस सख्त अलर्ट पर l
राजधानी दिल्ली में एक बार फिर से दहशत फैल गई, जब तीन स्कूल और एक कॉलेज को बम से उड़ाने की धमकी मिली। सुबह 7:24 बजे कंट्रोल रूम को सूचना दी गई कि द्वारका स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस), मॉडर्न कॉन्वेंट स्कूल, ग्रेटर कैलाश स्थित ब्लू बेल्स स्कूल और सागरपुर का दीप मॉडल स्कूल को फोन और ईमेल के जरिए धमकी भेजी गई है। इसके अलावा, एक कॉलेज को भी धमकी भरा ईमेल मिला है।

सूचना मिलते ही पुलिस, बम स्क्वायड और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। एहतियात के तौर पर सभी स्कूलों को खाली करा लिया गया और तलाशी अभियान शुरू किया गया। दिल्ली अग्निशमन सेवा ने बताया कि बच्चों और स्टाफ की सुरक्षा को देखते हुए स्कूल प्रबंधन को तुरंत सतर्क किया गया। कई अभिभावकों को स्कूल से संदेश भेजकर बच्चों को घर ले जाने की जानकारी दी गई।
यह पहला मौका नहीं है जब दिल्ली के स्कूलों को ऐसी धमकी मिली हो। जुलाई महीने में भी राजधानी के 20 से ज्यादा स्कूलों को ईमेल के जरिए बम धमाके की चेतावनी दी गई थी। तब भी पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर आना पड़ा था। बीते 18 जुलाई को वसंत कुंज स्थित वसंत वैली स्कूल, हौज खास का मदर्स इंटरनेशनल स्कूल, द्वारका का सेंट थॉमस स्कूल, पश्चिम विहार स्थित रिचमंड ग्लोबल स्कूल और लोदी एस्टेट का सरदार पटेल विद्यालय समेत करीब 10 स्कूलों और एक कॉलेज को धमकी भरे मेल मिले थे।

पुलिस का मानना है कि यह ज्यादातर हॉक्स कॉल्स और ईमेल होते हैं, लेकिन फिर भी सुरक्षा के मद्देनज़र हर सूचना पर गंभीरता से कार्रवाई की जाती है। फिलहाल बम स्क्वायड तलाशी अभियान चला रहा है और सभी स्कूलों के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
