0 0
Read Time:2 Minute, 57 Second

DB l राजस्थान के खैरथल तिजारा जिले के किशनगढ़बास कस्बे में रविवार को एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। आदर्श कॉलोनी स्थित एक मकान की छत पर रखे नीले पानी के ड्रम से दुर्गंध आने पर जब मकान मालकिन ने पुलिस को सूचना दी तो पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो ड्रम से एक युवक का शव बरामद हुआ। शव की पहचान उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर निवासी हंसराज उर्फ सूरज के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार हंसराज पिछले डेढ़ महीने से किशनगढ़बास में किराए के मकान में अपनी पत्नी और तीन बच्चों के साथ रह रहा था। वह पास के ईंट भट्ठे पर काम करता था। शनिवार शाम से ही हंसराज की पत्नी और बच्चे गायब बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश पुलिस कर रही है। घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और बड़ी संख्या में लोग मौके पर इकट्ठा हो गए।

पुलिस जांच में सामने आया है कि ड्रम के ऊपर एक पत्थर रखा हुआ था। शव पर गले में धारदार हथियार से वार किए जाने के निशान मिले हैं। एफएसएल टीम की शुरुआती जांच में यह भी पता चला कि शव पर नमक डाला गया था ताकि वह जल्दी सड़ जाए और बदबू न फैले। इसके बावजूद रविवार को मकान की छत से तेज दुर्गंध आने लगी, जिससे पड़ोसियों ने इसकी शिकायत मकान मालिक से की।

डीएसपी राजेंद्र सिंह निर्वाण ने बताया कि मृतक शराब पीने का आदी था और अक्सर नशे में रहता था। पुलिस का कहना है कि हत्या किसने की, शव कितने दिनों से ड्रम में रखा हुआ था और हंसराज की पत्नी व बच्चों का इस मामले से क्या संबंध है, इन सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। मृतक के परिजनों से भी संपर्क साधा जा रहा है।

शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। एफएसएल की टीम ने घटनास्थल से सैंपल इकट्ठा किए हैं। वहीं हंसराज की पत्नी सुनीता और उसके तीनों बच्चों की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस का मानना है कि इस रहस्यमयी वारदात की गुत्थी जल्द ही सुलझाई जाएगी।

Happy
Happy
0 %
Sad
Sad
0 %
Excited
Excited
0 %
Sleepy
Sleepy
0 %
Angry
Angry
0 %
Surprise
Surprise
0 %