DB l प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के 51वें दौरे पर पहुंचे। इस अवसर पर उन्होंने 2,183.45 करोड़ रुपये की लागत वाली 52 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-KISAN) की 20वीं किस्त जारी कर देशभर के करोड़ों किसानों को बड़ी सौगात दी।
प्रधानमंत्री ने किसान सम्मान निधि योजना की 20वीं किस्त के तहत देश के 9.70 करोड़ से अधिक किसानों को 20,500 करोड़ रुपये की धनराशि सीधे उनके बैंक खातों में ट्रांसफर की। इस योजना के अंतर्गत अब तक देश के किसानों को लाखों करोड़ रुपये की सहायता राशि दी जा चुकी है, जिससे किसानों को आर्थिक संबल मिला है।
इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में पाकिस्तान में आतंकियों के खिलाफ चल रही कार्रवाई का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भारत आज आतंकवाद को उसकी भाषा में जवाब दे रहा है और देशवासियों की सुरक्षा सर्वोपरि है।
प्रधानमंत्री ने वाराणसी के विकास को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई और कहा कि काशी में आधुनिकता और आस्था का संगम हो रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, यह सरकार की प्राथमिकता है।
वाराणसी में पीएम मोदी के इस दौरे को विकास और सेवा के एक और मजबूत कदम के रूप में देखा जा रहा है। इससे न केवल स्थानीय जनता को अनेक सुविधाएं प्राप्त होंगी, बल्कि किसानों, दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए यह दौरा सौगातों से भरा रहा।
