स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 की प्रतियोगिता में महापौर जगत बहादुर सिंह ‘‘अन्नू’’ के नेतृत्व और निगमायुक्त श्रीमती प्रीति यादव की प्रशासनिक दक्षता तथा उनकी स्वच्छता टीम की मेहनत फिर से एक बार रंग लाई है और राष्ट्रीय स्तर पर नगर निगम जबलपुर के नाम का परचम फहराने में सफलता हासिल की है।
स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए जबलपुर नगर निगम को भारत सरकार द्वारा स्पेशल कैटेगरी अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान 17 जुलाई 2025 को दिल्ली के विज्ञान भवन में राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू की गरिमामयी उपस्थिति में प्रदान किया जाएगा। इस अवसर पर महापौर श्री जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू’, निगमायुक्त श्रीमती प्रीति यादव और नोडल अधिकारी संभव अयाची पुरस्कार प्राप्त करेंगे।
यह सम्मान ‘सुपर स्वच्छ लीग’ की विशेष श्रेणी में बेहतर प्रदर्शन के लिए दिया जा रहा है। नगर निगम जबलपुर को यह गौरव महापौर के नेतृत्व, निगमायुक्त की प्रशासनिक दक्षता और स्वच्छता टीम की मेहनत के चलते मिला है। यह पुरस्कार उन शहरों को दिया जाता है, जिन्होंने पिछले तीन वर्षों में स्वच्छता में शानदार प्रदर्शन किया है और वर्ष 2024 के सर्वेक्षण में अपनी श्रेणी में शीर्ष 200 में स्थान बनाए रखा है।
निगमायुक्त प्रीति यादव ने इस उपलब्धि का श्रेय जबलपुरवासियों, नगर निगम अध्यक्ष रिकुंज विज, एम.आई.सी. सदस्य रजनी साहू, सभी ब्रांड एम्बेसडर्स, अधिकारियों, स्वच्छता निरीक्षकों, वार्ड सुपरवाइज़र्स और सफाई मित्रों को दिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता सिर्फ सर्वेक्षण का विषय नहीं, बल्कि एक सतत प्रयास है जिसे नगर निगम निरंतर जारी रखेगा।
महापौर अन्नू सिंह और निगमायुक्त के नेतृत्व में जबलपुर नगर निगम को पहले भी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दर्जनों पुरस्कार मिल चुके हैं, जिससे शहर की एक अलग पहचान बनी है।
