जबलपुर । श्रावण मास के दूसरे सोमवार 21 जुलाई को ग्वारीघाट से कैलाशधाम मटामर तक आयोजित होने वाली संस्कार कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर आज पुलिस कंट्रोल रूम में प्रशासन, पुलिस और आयोजन समिति की संयुक्त बैठक संपन्न हुई। बैठक में महापौर एवं आयोजन समिति के संरक्षक श्री जगत बहादुर सिंह अन्नू, कलेक्टर दीपक सक्सेना, पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय, और अन्य अधिकारी व समिति सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक में यात्रा की सुरक्षा, यातायात, सफाई और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की विस्तृत रूपरेखा पर चर्चा हुई। आयोजन समिति ने बताया कि इस बार हजारों श्रद्धालुओं की भागीदारी संभावित है, जो मटामर स्थित कैलाशधाम पर आकर भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे।
प्रशासन ने ग्वारीघाट पर गोताखोर, मोटरबोट और एमडीआरएफ की टीम तैनात करने के निर्देश दिए। पूरे यात्रा मार्ग और मटामर पहाड़ी पर पुलिस बल, पब्लिक एड्रेस सिस्टम और बैरिकेडिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। स्वयंसेवकों को पुलिस द्वारा प्रशिक्षित किया जाएगा और स्वास्थ्य विभाग की टीमें व एम्बुलेंस भी साथ रहेंगी।
महापौर श्री अन्नू ने यात्रा को जबलपुर की पहचान बताते हुए नगर निगम की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। कलेक्टर ने ध्वनि यंत्रों का संयमित उपयोग करने और यातायात बाधित न हो, इसका विशेष ध्यान रखने को कहा।
करीब 35 किलोमीटर लंबी यह यात्रा ग्वारीघाट से प्रारंभ होकर कैलाशधाम में संपन्न होगी। समापन पर पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया जाएगा।
कांवड़ यात्रा सिद्धघाट ग्वारीघाट से प्रारंभ होगी तथा रामपुर चौक, गोरखपुर, शास्त्री ब्रिज, तीन पत्ती चौक, मालवीय चौक, लार्डगंज, बड़ा फुहारा, कमानिया गेट, सराफा, लकड़गंज, बेलबाग, घमापुर, शीतलामाई, कांचघर, सतपुला, गोकलपुर, रांझी, खमरिया स्टेट होते हुये करीब 35 किलोमीटर का सफर तय कर मटामर पहाड़ी पर स्थित भगवान नर्मदेश्वर भोलेनाथ मंदिर कैलाशधाम पर दोपहर के लगभग पहुंचेगी तथा भगवान शंकर के जलाभिषेक के साथ इसका समापन होगा।
