डी. बी.। महान शिक्षाविद् डॉ. हरिसिंह गौर की जन्मभूमि सागर ने आज दो महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की ऐतिहासिक सौगात प्राप्त की। मकरोनिया के आनंद नगर में आयोजित एक भव्य समारोह में गढ़पहरा-मकरोनिया मार्ग पर बने नवनिर्मित रेलवे ओव्हरब्रिज का लोकार्पण और संत रविदास स्मारक को मुख्य मार्ग से जोड़ने वाली सड़क के निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया।
करीब 43 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित यह ओव्हरब्रिज 883 मीटर लंबा और 12 मीटर चौड़ा है। इसमें फुटपाथ, सीढ़ियाँ, फुटओवरपाथ और आकर्षक लाइटिंग जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। यह ब्रिज मकरोनिया रेलवे क्रॉसिंग पर होने वाले ट्रैफिक जाम, प्रदूषण और समय की बर्बादी जैसी समस्याओं का स्थायी समाधान प्रदान करेगा।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की घोषणा के अनुसार बड़तूमा स्टेडियम से संत रविदास स्मारक होते हुए मुख्य मार्ग तक 2.40 किमी लंबी और 14 मीटर चौड़ी बीटी सड़क के निर्माण कार्य का भूमिपूजन हुआ। लगभग 8.62 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली यह सड़क न केवल श्रद्धा और संस्कृति को जोड़ेगी, बल्कि क्षेत्रवासियों के आवागमन को भी सुगम बनाएगी।
कार्यक्रम में सागर सांसद डॉ. लता वानखेड़े, नरयावली विधायक इंजी. प्रदीप लारिया, भाजपा प्रदेश मंत्री प्रभुदयाल पटैल, जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
यह आयोजन प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘गति-शक्ति’ मिशन और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के ‘विकसित मध्यप्रदेश’ विजन के तहत सागर के विकास की नई दिशा को रेखांकित करता है।
