सपनों के शहर में साथ रहने की चाह ने ले ली जान — प्यार हार गया शराब और झगड़े से!
कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के अनेकल तालुका स्थित जिगनी इलाके में एक दर्दनाक घटना ने सभी को झकझोर दिया। ओडिशा से आए एक लिव-इन कपल की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। दोनों के शव सोमवार को उनके किराए के मकान से बरामद किए गए। मृतकों की पहचान 25 वर्षीय सीमा नायक और 23 वर्षीय राकेश नायक के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों ने करीब दस दिन पहले ही यह घर किराए पर लिया था।
रविवार से घर का दरवाजा बंद था। जब दो दिन तक कोई हलचल नहीं हुई और घर से बदबू आने लगी, तो पड़ोसियों ने खिड़की तोड़कर अंदर देखा, जहां दोनों के शव थे। इसके बाद तुरंत जिगनी पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शुरुआती जांच में सामने आया कि दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते थे। राकेश एक सिक्योरिटी सर्विस कंपनी में काम करता था और उसे शराब की आदत थी, जबकि सीमा पास के एक सुपरमार्केट में नौकरी करती थी। बताया जा रहा है कि रविवार रात भी पैसों को लेकर दोनों में झगड़ा हुआ था। गुस्से में राकेश ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह जब सीमा ने यह देखा, तो उसने राकेश को बचाने की कोशिश की, लेकिन जब वह सफल नहीं हुई, तो उसने भी फांसी लगाकर अपनी जान दे दी होगी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, कपल के साथ रहने वाला एक दोस्त शुक्रवार को हुए झगड़े के बाद घर छोड़कर चला गया था। पुलिस को संदेह है कि राकेश और सीमा के बीच हुए झगड़े ने ही इस घटना को जन्म दिया। फिलहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घटना की गहराई से जांच जारी है। पड़ोसी इस कपल को शांत और सामान्य बता रहे थे , लेकिन शराब और पैसों के विवाद ने उनके रिश्ते को बर्बादी की ओर धकेल दिया। इस दर्दनाक घटना ने बेंगलुरु में लिव-इन रिलेशनशिप और घरेलू झगड़ों पर फिर से सवाल खड़े कर दिए हैं।
