0 0
Read Time:2 Minute, 57 Second

जबलपुर । किसानों को गुणवत्तापूर्ण उर्वरक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कृषि विभाग की टीम ने जिले के विभिन्न उर्वरक निर्माण एवं विक्रय प्रतिष्ठानों पर सघन निरीक्षण अभियान चलाया। सूत्रों द्वारा इस दौरान कई केंद्रों पर अनियमितताएं पाई गईं, जिस पर संबंधित प्रतिष्ठानों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए तथा एक प्रतिष्ठान से 89 बोरी यूरिया जप्त की गई।

उप संचालक कृषि डॉ. एस. के. निगम ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र उमरिया डुंगरिया स्थित सेंचुरी एग्रो उर्वरक निर्माण इकाई का निरीक्षण किया गया, जहां मासिक उत्पादन और विक्रय रिपोर्ट समय पर प्रस्तुत न करने के कारण नोटिस जारी किया गया। वहीं, बिजौरी स्थित वैष्णवी कृषि केंद्र में स्टॉक और बिल बुक की जांच में गड़बड़ी मिलने पर उसे तीन दिवस में स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया गया।

चरगवां निवासी किसान नेक नारायण डेहरिया की शिकायत पर कृष्णा कृषि केंद्र में तत्काल निरीक्षण कर कार्रवाई की गई। किसान ने आरोप लगाया था कि केंद्र द्वारा यूरिया निर्धारित मूल्य से अधिक, ₹350 में बेचा जा रहा है। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने 89 बोरी कृभको यूरिया जप्त की, जिसकी वैधता समाप्त हो चुकी थी। विक्रय पर रोक लगाते हुए आगे की कार्रवाई के लिए प्रतिवेदन वरिष्ठ कार्यालय को भेजा गया।

इसके अलावा, सिहोरा विकासखंड के खितौला में प्रकाश कृषि केंद्र और आशा ट्रेडर्स का औचक निरीक्षण किया गया। प्रकाश कृषि केंद्र में लाइसेंस से संबंधित दस्तावेज अधूरे पाए गए एवं मूल्य सूची प्रदर्शित नहीं थी, वहीं आशा ट्रेडर्स में बिना वैधता के यूरिया और पोटाश का विक्रय किया जा रहा था। दोनों प्रतिष्ठानों को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए विक्रय पर प्रतिबंध लगा दिया गया।

कृषि विभाग ने स्पष्ट किया कि किसानों के अधिकारों की रक्षा के लिए ऐसे निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे।

Happy
Happy
0 %
Sad
Sad
0 %
Excited
Excited
0 %
Sleepy
Sleepy
0 %
Angry
Angry
0 %
Surprise
Surprise
0 %