DB l बठिंडा: बठिंडा-मलोट नेशनल हाईवे के पास गांव बेहमान दीवाना में लाल रंग के सूटकेस में मिली अधजली युवती की लाश की पहचान हो गई है। मृतका की पहचान मोगा जिले के बाघा पुराना की रहने वाली 20-25 वर्षीय मलिका के रूप में हुई है। उसकी गर्दन के नीचे बने ‘काकू’ नाम के टैटू से पहचान स्थापित करने में पुलिस को अहम सुराग मिला।
11 फरवरी को खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने एक कुत्ते को लाल सूटकेस घसीटते देखा। शक होने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सूटकेस खोलकर देखा तो उसमें अधजला शव मिला। शरीर पर चोट के कई निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि वारदात के बाद शव को सुनसान स्थान पर ठिकाने लगाने की कोशिश की गई।

जांच में सामने आया है कि मलिका पहले ‘सेम’ नामक युवक के साथ लिव-इन में रह रही थी। सेम के जेल जाने के बाद उसने संबंध तोड़ लिए थे। इसके बाद वह ‘काकू’ नाम के युवक के साथ बठिंडा में रहने लगी, हालांकि हाल में उससे भी अलगाव की बात सामने आई है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि घटना से पहले वह किसके संपर्क में थी।
परिवार ने उससे संबंध टूटने की बात कही है। पुलिस ने उसकी एक सहेली से पूछताछ के बाद काकू के साथ रहने की जानकारी जुटाई। डीएसपी हरविंदर सिंह सरा ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों से पूछताछ जारी है। जल्द खुलासा होने की उम्मीद है।
