G7 summit 15 जून से 17 जून, 2025 तक कनानास्किस, अल्बर्टा, कनाडा में कनाडा के नए प्रधानमंत्री मार्क कार्नी पहली बार G7 अध्यक्षता कर रहे हैं। “G7 सम्मेलन न केवल पश्चिमी देशों की एकजुटता का प्रतीक है, बल्कि यह वैश्विक नेतृत्व, नीति-निर्माण और अंतरराष्ट्रीय सहयोग का भी एक मजबूत मंच है। यह समूह दुनिया की प्रमुख लोकतांत्रिक और आर्थिक शक्तियों को एक साथ लाकर ऐसे मुद्दों पर चर्चा करता है जो पूरे विश्व को प्रभावित करते हैं।
विकासशील देशों की आवाज़ को वैश्विक मंचों पर मजबूती से रखने के लिए भारत की उपस्थिति G7 जैसे शक्तिशाली समूह में अत्यंत महत्वपूर्ण बन गई है। भले ही भारत G7 का स्थायी सदस्य न हो, लेकिन बीते वर्षों में उसकी अर्थव्यवस्था, कूटनीतिक सक्रियता और वैश्विक नेतृत्व क्षमता ने उसे G7 बैठकों का नियमित और सम्मानित अतिथि बना दिया है।
G7, जो मूलतः विकसित और औद्योगिक देशों का समूह है, अब यह समझने लगा है कि केवल पश्चिमी देशों के दृष्टिकोण से विश्व की जटिल समस्याओं का समाधान संभव नहीं है। भारत जैसे देश — जो वैश्विक दक्षिण (Global South) का प्रतिनिधित्व करते हैं — उनके अनुभव, प्राथमिकताएँ और चुनौतियाँ इन चर्चाओं में नया दृष्टिकोण जोड़ते हैं।
भारत जलवायु परिवर्तन, वैश्विक स्वास्थ्य, डिजिटल समावेशन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और वैश्विक शांति जैसे मुद्दों पर संतुलित व व्यावहारिक विचार प्रस्तुत करता है। रूस-यूक्रेन युद्ध जैसे संवेदनशील मामलों में भारत ने तटस्थ और संवाद-आधारित रुख अपनाकर यह संदेश दिया है कि उसकी विदेश नीति स्वतंत्र और संतुलनकारी है।
इस वर्ष 2025 के G7 शिखर सम्मेलन में भारत की भागीदारी इसलिए भी उल्लेखनीय है क्योंकि यह एक ऐसे समय में हो रही है जब विश्व नेतृत्व में बड़ा परिवर्तन देखा जा रहा है — नए नेताओं के आगमन, बदलती आर्थिक धारणाओं और उभरती तकनीकों के दौर में भारत न केवल एक सहभागी है, बल्कि एक ब्रिज बिल्डर की भूमिका भी निभा रहा है।
G7 के लिए भारत की उपस्थिति यह भी सुनिश्चित करती है कि वैश्विक विकास की बहसें एकतरफा न होकर समावेशी, विविध और न्यायसंगत हों। भविष्य में यदि G7 अपने ढांचे को और व्यापक बनाना चाहे, तो भारत उसमें स्थायी भूमिका निभाने के लिए सबसे उपयुक्त उम्मीदवारों में से एक है।
इस बार डोनाल्ड ट्रंप (अमेरिकी राष्ट्रपति – 2021 के बाद पहली बार), केयर स्टारमर (ब्रिटेन के नए प्रधानमंत्री), फ्रेडरिक मर्ज़ (जर्मनी के नए चांसलर), शिगेरु ईशिबा (जापान के प्रधानमंत्री) मुख्य नेता है जो G-7 में पहली बार भाग ले रहे हैं।
