DB l जबलपुर/नरसिंहपुर में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मध्यप्रदेश लोकायुक्त पुलिस की टीम ने नगर पालिका परिषद नरसिंहपुर के लिपिक संजय कुमार तिवारी को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, आवेदक भीष्म राजपूत को वर्ष 2025 में पेवर ब्लॉक लगाने का टेंडर मिला था। काम पूरा होने के बाद भुगतान तो कर दिया गया, लेकिन एफडीआर और बैंक गारंटी की राशि जारी करने के बदले आरोपी लिपिक द्वारा 15.5% कमीशन, यानी करीब 52 हजार रुपये की मांग की जा रही थी।

आरोप है कि रिश्वत न देने पर लिपिक ने एफडीआर रोकने और भविष्य में कोई काम न देने की धमकी भी दी। इससे परेशान होकर पीड़ित ने अंजू पटले से शिकायत की। जांच के बाद लोकायुक्त टीम ने जाल बिछाया और आरोपी को 25 हजार रुपये लेते हुए नगर पालिका के कंप्यूटर कक्ष में पकड़ लिया।
इस कार्रवाई में निरीक्षक राहुल गजभिए और बृज मोहन सिंह नरवरिया सहित टीम के अन्य सदस्य मौजूद रहे। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधन 2018) की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
