File Photo
DB ।जबलपुर। शहर की स्वच्छता व्यवस्था को आधुनिक और मजबूत बनाने की दिशा में नगर निगम जबलपुर ने बड़ा कदम उठाया है। निगम के वाहन बेड़े में 40 नए CNG कचरा संग्रहण वाहनों को शामिल किया गया है। इन वाहनों के संचालन से डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन व्यवस्था को अधिक तेज, नियमित और प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।
नगर निगम प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में महापौर जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू’, निगम अध्यक्ष रिंकू विज और निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार सहित एमआईसी सदस्यों एवं पार्षदों ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर 40 CNG वाहनों को रवाना किया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और हरित ऊर्जा के उपयोग का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम का खास आकर्षण उस समय देखने को मिला, जब महापौर जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू’ ने स्वयं CNG कचरा संग्रहण वाहन चलाया। उन्होंने इसके माध्यम से नागरिकों को स्वच्छता के साथ पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण कम करने के लिए CNG जैसे वैकल्पिक ईंधन के इस्तेमाल का संदेश दिया।
नवंबर से मैदान में होंगे करीब 600 वाहन
महापौर ने बताया कि आने वाले दो माह में 100 इलेक्ट्रिक कचरा संग्रहण वाहन और 40 CNG वाहन और निगम के बेड़े में शामिल किए जाएंगे। इसके बाद नवंबर माह से डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन के लिए करीब 600 वाहन उपलब्ध रहेंगे। इससे शहर के विभिन्न वार्डों और गली-मोहल्लों में कचरा संग्रहण की व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सकेगा।
ईंधन खर्च के साथ प्रदूषण भी होगा कम
CNG वाहनों के उपयोग से डीजल की खपत और नगर निगम के ईंधन खर्च में कमी आने की उम्मीद है। साथ ही कार्बन उत्सर्जन कम होने से पर्यावरण को भी फायदा मिलेगा। नए वाहनों की उपलब्धता से कचरा संग्रहण में देरी और अनियमितता को कम करने में मदद मिलेगी।
नगर निगम का यह प्रयास जबलपुर को स्वच्छ, प्रदूषण मुक्त और पर्यावरण के अनुकूल शहर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। आधुनिक वाहनों के बढ़ते बेड़े के साथ शहर की स्वच्छता व्यवस्था को नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है।
