jabalpur
DB । स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में राष्ट्रीय स्तर पर चमका जबलपुर, नगर निगम की कार्ययोजना और जनभागीदारी को मिली बड़ी कामयाबी…
संस्कारधानी जबलपुर ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपना गौरव बढ़ाया है। राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम के तहत आयोजित स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में जबलपुर ने देशभर में तीसरा स्थान हासिल किया है। शहर का AQI लेवल 77 दर्ज किया गया, जिसे बेहतर वायु गुणवत्ता की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
भारत सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय द्वारा दिल्ली में आयोजित सम्मान समारोह में महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू और निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने सम्मान पुरस्कार प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय शहरवासियों, सफाई मित्रों और नगर निगम के विभिन्न विभागों के सामूहिक प्रयासों को दिया।

नगर निगम के अनुसार, शहर में वायु प्रदूषण के प्रमुख कारणों में शामिल उड़ती धूल को नियंत्रित करने के लिए मैकेनिकल स्वीपिंग, नियमित स्प्रिंकलिंग और सड़क किनारे धूल नियंत्रण जैसे उपाय किए गए। इसके साथ ही बड़े स्तर पर पौधारोपण कर शहर के ग्रीन कवर को बढ़ाने पर जोर दिया गया।
खुले में कचरा और सूखी पत्तियां जलाने पर रोक लगाने के साथ वैज्ञानिक कचरा प्रबंधन और डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन को प्रभावी बनाया गया। इलेक्ट्रिक वाहनों और ई-रिक्शा को बढ़ावा देने के प्रयास भी वायु प्रदूषण कम करने की दिशा में किए गए।
महापौर और निगमायुक्त ने कहा कि यह सम्मान केवल नगर निगम की उपलब्धि नहीं, बल्कि जबलपुर के जागरूक नागरिकों और सफाई मित्रों की साझा मेहनत का परिणाम है। उन्होंने सभी नागरिकों से शहर की स्वच्छ और बेहतर आबोहवा बनाए रखने में सहयोग की अपील की।
सम्मान समारोह में अधीक्षण यंत्री कमलेश श्रीवास्तव, उपायुक्त संभव अयाची, कार्यपालन यंत्री जी.एस. मरावी, निज सहायक आनंद सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
