DB l दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने ISIS के आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए दो आतंकियों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने राजधानी में बम धमाके की साजिश रची थी। पुलिस ने बताया कि ये दोनों फिदायीन हमलों की ट्रेनिंग ले रहे थे और दिल्ली के भीड़भाड़ वाले बाजारों में IED ब्लास्ट की तैयारी में थे। गिरफ्तार आतंकियों की पहचान अदनान नाम के युवकों के रूप में हुई है, जिनकी उम्र 20 से 25 वर्ष के बीच है। इनमें से एक दिल्ली के सादिक नगर से पकड़ा गया जबकि दूसरा भोपाल के करोंद इलाके से।

पुलिस के अनुसार, भोपाल का अदनान सीए की तैयारी कर रहा था और पढ़े-लिखे परिवार से होने के बावजूद कट्टरपंथ की राह पर चल पड़ा। दोनों के पास से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री, हथियार और अन्य आपत्तिजनक वस्तुएं बरामद की गई हैं। सूत्रों का कहना है कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI इन ISIS-प्रेरित मॉड्यूल्स को सपोर्ट कर रही थी और भारत में बड़े हमलों की योजना बना रही थी।
यह ऑपरेशन एडिशनल कमिश्नर प्रमोद कुशवाहा और एसीपी ललित मोहन नेगी की टीम ने अंजाम दिया। छठ पर्व से पहले मिली इस सफलता को दिल्ली पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस की रेड जारी है और आतंकियों के नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में सुरक्षा एजेंसियां जुटी हैं। यह कार्रवाई देश की आंतरिक सुरक्षा के लिए एक बड़ी राहत साबित हुई है।
