DB l एनडीए एकजुट और मजबूत’ — अमित शाह से मुलाकात के बाद बोले चिराग पासवान
बिहार की सियासत में चल रही अटकलों के बीच लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात के बाद एनडीए की एकता और ताकत पर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि एनडीए में न तो कोई भ्रम है और न ही कोई मतभेद। सभी पांच सहयोगी दल एकजुट होकर बिहार में ऐतिहासिक जीत की ओर बढ़ रहे हैं।
चिराग पासवान ने कहा कि गठबंधन की खासियत यह है कि सभी दल एक-दूसरे के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। “एनडीए में महागठबंधन जैसा कोई भ्रम नहीं है। यहां सभी 243 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम तय हैं और हमारा अभियान तेज़ी से आगे बढ़ रहा है,” उन्होंने कहा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए बताया कि “पिछले एक साल में पीएम मोदी 11 बार बिहार आ चुके हैं, जिससे संगठन और चुनावी प्रचार को नई मजबूती मिली है।”
चिराग पासवान ने महागठबंधन पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि “महागठबंधन अपने ही उम्मीदवारों के खिलाफ प्रत्याशी खड़ा कर रहा है। ऐसा गठबंधन लठबंधन बन गया है, जहां सब एक-दूसरे से लड़ रहे हैं।” उन्होंने साफ किया कि एनडीए में सीटों या नेतृत्व को लेकर कोई उलझन नहीं है और सबकुछ तय प्रक्रिया के तहत आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री पद के चयन को लेकर चल रही चर्चाओं पर चिराग ने कहा कि गृह मंत्री अमित शाह के बयान को गलत संदर्भ में लिया गया। “अमित शाह ने केवल सामान्य प्रक्रिया बताई थी। हर चुनाव के बाद गठबंधन के निर्वाचित विधायक मिलकर अपना नेता चुनते हैं। इसमें किसी तरह का विवाद नहीं है,” उन्होंने स्पष्ट किया।
विपक्ष द्वारा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के स्वास्थ्य पर उठाए गए सवालों को भी चिराग पासवान ने खारिज किया। उन्होंने कहा कि “नीतीश कुमार पूरी तरह स्वस्थ हैं और जल्द ही चुनाव प्रचार में उतरेंगे। बिहार की जनता उनके नेतृत्व में एनडीए को फिर से सत्ता में लाने के लिए तैयार है।”
