DB l बिहार की सियासत में एक नया मोड़ आ गया है। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) से बाहर किए गए लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने अपनी अलग राजनीतिक पार्टी का ऐलान कर दिया है। उन्होंने अपनी पार्टी का नाम “जनशक्ति जनता दल” रखा है, जबकि चुनाव चिह्न “ब्लैक बोर्ड” तय किया गया है।
तेज प्रताप यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए लिखा – “हमलोग बिहार के संपूर्ण विकास के लिए पूर्ण रूप से समर्पित और तत्पर हैं। हमारा मकसद बिहार में नई व्यवस्था और संपूर्ण बदलाव करना है। हम इस लक्ष्य के लिए लंबी लड़ाई लड़ने को तैयार हैं।
नई पार्टी का जो पोस्टर लॉन्च किया गया है, उसमें महात्मा गांधी, डॉ. भीमराव अंबेडकर, राम मनोहर लोहिया, जयप्रकाश नारायण और कर्पूरी ठाकुर की तस्वीरें शामिल हैं। लेकिन गौर करने वाली बात यह है कि इसमें लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी को जगह नहीं दी गई है। यही नहीं, तेज प्रताप के भाई और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव की भी तस्वीर नदारद है।

पोस्टर पर लिखा गया है – “जन-जन की शक्ति, जन-जन का राज – बिहार का विकास करेंगे तेज प्रताप।” इसमें पार्टी के मूल मंत्र को तीन शब्दों में परिभाषित किया गया है – सामाजिक न्याय, सामाजिक हक और संपूर्ण बदलाव। हरे और पीले रंग से सजे पोस्टर में ब्लैक बोर्ड चुनाव चिह्न को प्रमुखता दी गई है।
तेज प्रताप के इस कदम से न केवल बिहार की राजनीति में नई हलचल मची है बल्कि लालू परिवार की अंदरूनी खटपट भी साफ तौर पर सामने आ गई है। कुछ समय पहले ही लालू यादव ने अनुशासनहीनता के आरोप में तेज प्रताप को RJD से बाहर किया था। वहीं उनकी बहन रोहिणी आचार्य ने भी हाल में सोशल मीडिया पर इशारों-इशारों में तेजस्वी यादव को निशाना बनाया था।
तेज प्रताप यादव की नई पार्टी का आगाज बिहार विधानसभा चुनाव से पहले सियासी समीकरणों को और दिलचस्प बना रहा है। अब देखना होगा कि ‘जनशक्ति जनता दल’ और ‘ब्लैक बोर्ड’ का जादू जनता पर कितना असर डाल पाता है।