जबलपुर । संस्कारधानी की ऐतिहासिक पहचान तालाबों के संरक्षण एवं सौन्दर्यीकरण की दिशा में महापौर जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू’ के नेतृत्व में तेजी से कार्य किया जा रहा है। लगभग 14 करोड़ रुपये की लागत से शहर के पांच प्रमुख तालाबों का कायाकल्प किया जा रहा है। पहले चरण में अधारताल, हनुमानताल और रानीताल तालाबों में सौन्दर्यीकरण का कार्य प्रगति पर है, जबकि सूपाताल और गंगासागर तालाब के लिए निविदा प्रक्रिया चल रही है।
महापौर अन्नू ने बताया कि तालाबों की जल गुणवत्ता सुधारने के लिए डी-सिल्टिंग और एरियटर फाउंटेन लगाए जा रहे हैं। इसके अलावा स्टोन पिचिंग, वॉकिंग ट्रैक, पौधारोपण और घाटों का नवीनीकरण जैसे कार्य भी किए जा रहे हैं, जिससे इन जलस्रोतों को पर्यावरणीय दृष्टि से मजबूत और शहरवासियों के लिए आकर्षक स्थल बनाया जा सके।
हनुमानताल तालाब में 2 करोड़ रुपये की लागत से गहरीकरण, सफाई, घाट का जीर्णोद्धार, वॉकिंग ट्रैक और पौधारोपण जैसे कार्य हो रहे हैं। अधारताल में भी 2 करोड़ रुपये की राशि से स्टोन पिचिंग, विद्युत साज-सज्जा, रैलिंग एवं सौन्दर्यीकरण के अन्य कार्य किए जा रहे हैं। वहीं, रानीताल तालाब को 1.5 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया जा रहा है, जिसमें गहरीकरण, आरसीसी ड्रेन वर्क, पाथवे और अन्य सौन्दर्यीकरण कार्य शामिल हैं।
महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करते हुए इन्हें समय-सीमा में पूर्ण करें, ताकि शहर के नागरिक इन सुविधाओं का शीघ्र लाभ उठा सकें।
