DB । महाराष्ट्र के पालघर जिले के विरार में चार मंजिला इमारत का पिछला हिस्सा ढह जाने से बड़ा हादसा हो गया। घटना बुधवार देर रात वसई के नारंगी रोड स्थित रमाबाई अपार्टमेंट में हुई। हादसे में अब तक 15 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हैं। मृतकों में मां-बेटी समेत कई परिवार के सदस्य शामिल हैं।
जानकारी के मुताबिक, रमाबाई अपार्टमेंट का पिछला हिस्सा अचानक बगल के खाली पड़े मकान पर गिर पड़ा। हादसे के समय ज्यादातर लोग सो रहे थे, जिससे उन्हें संभलने का मौका नहीं मिला। मलबे से नौ शव बरामद किए गए, जबकि आठ अन्य की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
एनडीआरएफ और दमकल विभाग की टीमें राहत-बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। हादसे के बाद से लगातार 33 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद मलबा पूरी तरह नहीं हटाया जा सका है। बचाव दल ने अब तक दर्जनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला है। वहीं, घायलों को नालासोपारा और मुंबई के बाहरी इलाकों के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
वसई विरार नगर निगम (VVMC) ने बताया कि चार घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि तीन लोगों को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है। स्थानीय प्रशासन का कहना है कि मलबे में और लोगों के दबे होने की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता, इसलिए खोज अभियान पूरी सावधानी से जारी है।
हादसे की वजह को लेकर जांच शुरू हो गई है। शुरुआती अनुमान के मुताबिक, इमारत अनधिकृत थी और लंबे समय से जर्जर हालत में थी।
