0 0
Read Time:3 Minute, 17 Second

DB l गुरुवार को संसद के मानसून सत्र का नौवां दिन भी भारी हंगामे की भेंट चढ़ गया। विपक्ष ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प द्वारा भारत पर लगाए गए 25% टैरिफ और बिहार में चल रहे स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।

लोकसभा में कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने तीखा हमला बोलते हुए कहा, “प्रधानमंत्री मोदी हर जगह जाकर दोस्ती करते हैं, लेकिन बदले में देश को झटका ही मिलता है। अमेरिका ने टैरिफ लगाकर यही दिखाया है।” उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार की कूटनीतिक विफलताओं का खामियाजा देश को भुगतना पड़ रहा है।

प्रियंका गांधी समेत कई विपक्षी सांसदों ने संसद के मकर द्वार पर बिहार में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान (SIR) के खिलाफ प्रदर्शन किया। विपक्ष का आरोप है कि SIR के माध्यम से चुनावों से पहले मतदाता सूची में हेराफेरी की जा रही है, जिससे लोकतंत्र की नींव कमजोर हो रही है।

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प के उस बयान का समर्थन किया जिसमें उन्होंने भारतीय अर्थव्यवस्था को “Dead Economy” (मरी हुई अर्थव्यवस्था) बताया था। राहुल ने कहा, “प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री को छोड़कर देश का हर नागरिक जानता है कि भारतीय अर्थव्यवस्था मर चुकी है। भाजपा ने अडाणी जैसे उद्योगपतियों को फायदा पहुँचाने के लिए देश को आर्थिक संकट में धकेल दिया है।

वहीं, संसद में आज सुबह INDIA गठबंधन की बैठक भी विपक्ष के नेता के कार्यालय में हुई, जिसमें आगे की रणनीति पर चर्चा की गई। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने बुधवार को यह घोषणा की थी कि भारत से आयातित कुछ उत्पादों पर 1 अगस्त से 25% शुल्क लगाया जाएगा। उनका कहना है कि ये उत्पाद अमेरिकी बाजार को नुकसान पहुँचा रहे हैं और यह कदम अमेरिकी हितों की रक्षा के लिए जरूरी है।

विशेषज्ञों का मानना है कि इस फैसले से भारत-अमेरिका व्यापारिक रिश्तों में तनाव बढ़ सकता है और यह भारत की वैश्विक आर्थिक छवि व निवेश नीति को भी प्रभावित कर सकता है। भारत सरकार की ओर से अभी तक इस पर कोई औपचारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, हालांकि सूत्रों के अनुसार जल्द ही एक उच्च स्तरीय बैठक बुलाई जा सकती है।

Happy
Happy
0 %
Sad
Sad
0 %
Excited
Excited
0 %
Sleepy
Sleepy
0 %
Angry
Angry
0 %
Surprise
Surprise
0 %