जबलपुर l जिले में सड़क दुर्घटनाओं से गौवंश को बचाने के लिए कलेक्टर दीपक सक्सेना द्वारा शुरू किए गए अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आने लगे हैं। जबलपुर-भोपाल राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित शहपुरा जनपद पंचायत क्षेत्र में अब सड़क पर विचरण करते मवेशियों की संख्या में उल्लेखनीय कमी आई है, जिससे सड़क दुर्घटनाएं भी कम हुई हैं।
कलेक्टर श्री सक्सेना की इस पहल के अंतर्गत राजमार्ग के आसपास की गौशालाओं को चिन्हित किया गया है, जहां सड़क पर घूमने वाली गायों को सुरक्षित रूप से रखा जा रहा है। इन गौशालाओं में भूसा, पानी और स्वास्थ्य देखभाल की जिम्मेदारी ग्राम पंचायतों और जनपद पंचायत शहपुरा को सौंपी गई है।

अभियान की सराहना करते हुए डीआईजी अतुल सिंह ने कहा, यह पहल न केवल गौवंश की रक्षा कर रही है, बल्कि सड़क सुरक्षा के दृष्टिकोण से भी अत्यंत उपयोगी सिद्ध हो रही है। उन्होंने कलेक्टर की इस योजना को “सर्वोत्कृष्ट प्रयास” बताया।
ज्ञात हो कि कलेक्टर दीपक सक्सेना के निर्देश पर 14 जुलाई को जिला पंचायत के सीईओ अभिषेक गहलोत की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि 15 जुलाई से अभियान चलाकर नेशनल हाईवे से गौवंश को हटाया जाएगा और उन्हें या तो गौशालाओं में या कांजी हाउस में भेजा जाएगा।
बैठक में यह भी तय किया गया था कि पशुपालकों को जागरूक कर सड़क पर मवेशियों को छोड़ने की प्रवृत्ति को रोका जाएगा, ताकि भविष्य में ऐसी समस्याएं उत्पन्न न हों।
