DB l पटना के चर्चित कोचिंग विवाद और प्रिंस यादव की रहस्यमयी मौत के मामले में एक नया मोड़ सामने आया है। ज्ञान बिंदु कोचिंग के निदेशक रौशन आनंद, जो हाल ही में जमानत पर जेल से बाहर आए हैं, उन्होंने खान ग्लोबल स्टडीज के संचालक फैजल खान उर्फ खान सर और किसान कोल्ड स्टोरेज के मालिक आरएस प्रसाद पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
सहरसा पहुंचकर मीडिया से बातचीत में रौशन आनंद ने दावा किया कि उनके भाई प्रिंस यादव की हत्या एक सुनियोजित साजिश के तहत करवाई गई। उन्होंने कहा कि जब तक वह बाहर थे, उनके भाई के साथ कुछ नहीं हुआ, लेकिन जेल जाने के बाद उनकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। रौशन ने आरोप लगाया कि फैजल खान और आरएस प्रसाद ने मिलकर उनके भाई की हत्या की साजिश रची और मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए दोनों का नार्को टेस्ट कराया जाना चाहिए।

हालांकि, प्रिंस यादव की मौत को लेकर एक अलग दावा भी सामने आया है। एक वायरल वीडियो में प्रिंस के दोस्त ने बताया कि वह पहले से मानसिक स्वास्थ्य संबंधी दवाइयां ले रहे थे और मौत वाले दिन भी दवा लेने के बाद सो गए थे। बाद में उनकी तबीयत बिगड़ी और अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दोस्त ने हत्या के आरोपों को पूरी तरह खारिज किया है।
इस बीच खान सर ने भी वीडियो संदेश जारी कर प्रिंस यादव की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने रौशन आनंद और उनके परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की। खान सर ने कहा कि घटना की पूरी सच्चाई सामने आनी चाहिए और जांच एजेंसियों को हर पहलू की गंभीरता से पड़ताल करनी चाहिए।
गौरतलब है कि इस पूरे विवाद की शुरुआत 2 जून को खान ग्लोबल स्टडीज परिसर में हुई मारपीट और फायरिंग की घटना से हुई थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और प्रिंस यादव की मौत का रहस्य अभी पूरी तरह से नहीं सुलझ पाया है।
