जबलपुर । आबकारी विभाग द्वारा अवैध मदिरा के विरुद्ध सघन अभियान चलाया जा रहा है, जबलपुर के तिलहरी स्थित राजुल पार्क क्षेत्र में आबकारी विभाग द्वारा की गई रैकी के दौरान अवैध मदिरा के परिवहन में प्रयुक्त तीन चारपहिया वाहन पकड़े गए। कार्रवाई में कुल 216.75 बल्क लीटर मदिरा जब्त की गई, जब्त की गई मदिरा में विदेशी और देशी दोनों प्रकार की शराब शामिल है। जिसके आधार पर मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1)(क) एवं 34(2) के तहत तीन प्रकरण दर्ज किए गए हैं।

पहले प्रकरण में सफेद मारुति रिट्ज (MP20CC8899) से 94 बोतल विदेशी मदिरा एवं 100 पाव देशी मसाला मदिरा, कुल 88.5 बल्क लीटर बरामद हुई। दूसरे प्रकरण में स्लेटी रंग की बिना नंबर की फोर्ड इकोस्पोर्ट (चेचिस नंबर MAJAXXMRKAHB60803) से 72 बोतल विदेशी मदिरा एवं 100 पाव देशी मसाला मदिरा, कुल 72 बल्क लीटर जब्त की गई। तीसरे मामले में सफेद टाटा जेस्ट (MP20TA1079) से 39 बोतल विदेशी मदिरा एवं 150 पाव देशी मसाला मदिरा, कुल 56.25 बल्क लीटर बरामद की गई।

जब्त मदिरा का अनुमानित मूल्य 5 लाख रुपये तथा वाहनों का मूल्य 20 लाख रुपये आँका गया है। तीनों मामलों में विधिसम्मत कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया है। यह कार्रवाई विभाग की सक्रियता और सतर्कता का परिणाम है, जिससे अवैध शराब कारोबारियों के हौसले पस्त हुए हैं। सभी प्रकरणों में विवेचना जारी है और आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।
