DB l राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में प्रदूषण एक बार फिर खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। शनिवार सुबह 10 बजे दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 401 दर्ज किया गया, जो ‘गंभीर’ श्रेणी में आता है। हालात बिगड़ते देख सेंट्रल एयर क्वालिटी मैनेजमेंट (CAQM) की उप-समिति ने आपात बैठक बुलाकर तत्काल प्रभाव से ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) के स्टेज-3 को पूरे दिल्ली-एनसीआर में लागू करने का फैसला लिया।
CPCB के आंकड़ों के मुताबिक ITO क्षेत्र में AQI 417, वजीरपुर में 443, जहांगीरपुरी में 439, आनंद विहार और रोहिणी में 434, नरेला में 425 और बावना में 424 रिकॉर्ड किया गया। चांदनी चौक, पंजाबी बाग, मुंडका और बुर्की जैसे घनी आबादी वाले इलाकों में भी AQI 410 के पार बना हुआ है। हालांकि IGI एयरपोर्ट क्षेत्र में AQI 307 रहा, जो ‘बेहद खराब’ श्रेणी में आता है।

GRAP-3 लागू होने के साथ ही कई कड़े प्रतिबंध प्रभावी हो गए हैं।
- BS-3 पेट्रोल और BS-4 डीजल वाहनों पर पूरी तरह रोक
- दिल्ली और आसपास के इलाकों में डीजल बसों का संचालन बंद
- क्लास 5 तक के स्कूल बंद, पढ़ाई ऑनलाइन मोड में
- निर्माण, ध्वस्तीकरण और स्टोन क्रशर गतिविधियों पर रोक
- आपात सेवाओं को छोड़कर डीजल जनरेटर पर प्रतिबंध
- सीमेंट, बालू जैसे निर्माण सामग्री की ट्रकों से आवाजाही बंद
- निजी कंपनियों को वर्क फ्रॉम होम या हाइब्रिड मोड अपनाने की सलाह
नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भारी जुर्माना लगाया जाएगा।
डॉक्टरों और स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने बच्चों, बुजुर्गों और सांस, दमा व हृदय रोग से पीड़ित लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। खुले में व्यायाम से बचने, मास्क पहनने और अनावश्यक बाहर निकलने से परहेज करने को कहा गया है।
घने स्मॉग और कम विजिबिलिटी को देखते हुए दिल्ली एयरपोर्ट पर लो विजिबिलिटी प्रोसीजर (LVP) लागू कर दिया गया है। फिलहाल फ्लाइट ऑपरेशन सामान्य हैं, लेकिन यात्रियों को उड़ान की स्थिति जानने के लिए एयरलाइन से संपर्क करने और समय से पहले एयरपोर्ट पहुंचने की सलाह दी गई है।
विशेषज्ञों का मानना है कि बदलते मौसम पैटर्न और जलवायु परिवर्तन के चलते ठंड और प्रदूषण का यह खतरनाक मिश्रण दिल्ली-एनसीआर के लिए गंभीर चेतावनी बनता जा रहा है।
