0 0
Read Time:3 Minute, 33 Second

DB l अहमद अल-अहमद की बहादुरी से टली बड़ी त्रासदी…

सिडनी के बॉन्डी बीच पर यहूदी समुदाय के हनुक्का उत्सव के दौरान हुए आतंकी हमले ने पूरे ऑस्ट्रेलिया को झकझोर कर रख दिया। इस भीषण गोलीबारी में एक बच्चे सहित 16 लोगों की मौत हो गई, जबकि 40 से अधिक लोग घायल हुए हैं। ऑस्ट्रेलियाई सरकार और पुलिस ने इस घटना को आतंकवादी हमला करार दिया है। इस भयावह मंजर के बीच एक आम नागरिक, अहमद अल-अहमद, इंसानियत की मिसाल बनकर सामने आए, जिनकी बहादुरी से कई जानें बच गईं।

प्रत्यक्षदर्शियों और वायरल वीडियो के अनुसार, निहत्थे अहमद अल-अहमद ने जान जोखिम में डालकर पीछे से बंदूकधारी हमलावर पर झपट्टा मारा। उन्होंने उसकी गर्दन पकड़कर राइफल छीन ली, उसे जमीन पर गिराया और उसी हथियार को उस पर तान दिया। इस दौरान अहमद को दो गोलियां लगीं और वे गंभीर रूप से घायल हो गए, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने हमलावर को नहीं छोड़ा। 15 सेकेंड के वायरल वीडियो में यह साहसिक कारनामा साफ दिखाई देता है। स्थानीय लोग और सोशल मीडिया यूजर्स उन्हें “हीरो” कहकर सलाम कर रहे हैं। अहमद के चचेरे भाई मुस्तफा ने उन्हें “शत प्रतिशत हीरो” बताया है।

पुलिस के अनुसार, इस हमले के दो आरोपी पिता-पुत्र थे—50 वर्षीय साजिद अकरम और उनका 24 वर्षीय बेटा नवीद (या नावेद) अकरम। रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों ने भीड़ पर लंबी बंदूकों से अंधाधुंध गोलीबारी की। साजिद अकरम को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया, जबकि नवीद अकरम को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है और वह पुलिस निगरानी में है। जांच में सामने आया है कि आरोपियों के पास कुल छह लाइसेंसी हथियार थे, जिनका इस्तेमाल किया गया। पुलिस ने पास के एक वाहन से विस्फोटक उपकरण भी बरामद कर सुरक्षित कर लिए हैं।

प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज ने हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि यहूदी समुदाय पर हमला हर ऑस्ट्रेलियाई नागरिक पर हमला है। उन्होंने स्पष्ट किया कि देश में नफरत, हिंसा और आतंकवाद के लिए कोई जगह नहीं है और इसे जड़ से खत्म किया जाएगा। हमले के बाद राष्ट्रीय सुरक्षा समिति की आपात बैठक भी बुलाई गई।

यह घटना ऐसे समय हुई है, जब ऑस्ट्रेलिया में यहूदी विरोधी घटनाओं को लेकर चिंताएं बढ़ी हुई हैं। बॉन्डी बीच की इस त्रासदी ने जहां दर्द और भय छोड़ा, वहीं अहमद अल-अहमद की बहादुरी ने यह साबित कर दिया कि इंसानियत और साहस नफरत से कहीं बड़े होते हैं।

Happy
Happy
0 %
Sad
Sad
0 %
Excited
Excited
0 %
Sleepy
Sleepy
0 %
Angry
Angry
0 %
Surprise
Surprise
0 %