जबलपुर। मानस भवन स्थित र्स्माट सिटी के मिनी हॉल में निगमायुक्त श्रीमती प्रीति यादव ने आगामी बरसात के समय होने वाली जलप्लावन की समस्या एवं घर-घर से होने वाले कचरा संग्रहण व्यवस्था के कार्यो की समीक्षा की। बैठक में स्वास्थ्य अमले को निर्देशित किया कि वर्षाऋतु के दौरान शहर में कहीं भी जलप्लावन की स्थिति निर्मित न हो यह सभी लोग सुनिश्चित करें।
निगमायुक्त श्रीमती प्रीति यादव ने शहर की सफाई व्यवस्था में कसावट लाने तथा डोर टू डोर कचरा कलेक्शन व्यवस्था को और मजबूत करने सख्ती दिखाते हुए सभी को हिदायत दी और फटकार भी लगाई कि व्यवस्था में कल से कसावट लाई जाए।
उन्होंने निर्देशित किया कि सफाई व्यवस्था में किसी प्रकार की कोताही बर्दास्त नहीं की जायेगी। उन्होंने सभी अधिकारियों कर्मचारियों को गंभीरता से व्यवस्थाओं पर निगरानी रखने और सुबह 6 बजे से ही फील्ड में सफाई कार्य कराने हेतु निर्देश प्रदान किये। उन्होंने समीक्षा बैठक के दौरान जन्म-मृत्यु शाखा के लिपिकों को भी निर्देशित किया कि महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू के घोषणा के अनुरूप घर-घर जन्म-मृत्यु प्रमाण-पत्र वितरण करने की प्रक्रिया में लापरवाही न बरतें।
शहर में होने वाली जलप्लावन की समस्या से निजात दिलाने के उद्देश्य से वर्षा पूर्व ही शहर के समस्त संभागों में स्थित बड़े नाला-नालियों एवं कंजरवेंसियों की सफाई का कार्य लगातार करवाया जा रहा है, इसके लिए मानव संशाधनों के साथ-साथ मशीनरी संशाधनों को भी लगाया गया है। कार्य को जल्द से जल्द पूर्ण किया जा सके इसके लिए आउटसोर्स कर्मचारियों के साथ-साथ मशीनरी संशाधनों के अंतर्गत बड़े नालों की सफाई कार्य के लिए 200 मशीन, 110 मशीन, 70 मशीन, डम्फर एवं ट्रेक्टर ट्रॉली लगाये गए है, जिसके माध्यम से सफाई का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि संभागवार जलप्लावन वाले क्षेत्रों का निरीक्षण कर उसका त्वरित समाधान भी किया जा रहा है, जिससे कि आने वाले वर्षाऋतु के समय जलप्लावन की समस्या न हो सके।
प्रीति यादव ने शहर की कचरा संग्रहण व्यवस्था की समीक्षा सभी सबंधित अधिकारियों से की जिसमें उन्होंने सभी सहायक स्वास्थ्य अधिकारी, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक, स्वास्थ्य निरीक्षक, कचरा संग्रहण के सभी सुपरवाइजर को अपने अपने संभाग मे समय पर उपस्थित हो कर सभी कार्यों कचरा संग्रहण की गाड़ियों को समय से अपनी अपनी बीट पर पहुचाने, शहर के मुख्य मार्गों की स्वीपिंग, शहर के नाला-नालियों की साफ-सफाई के साथ-साथ कीटनाशक दवाईयों का छिड़काव करने के निर्देश दिए साथ ही साथ कचरा संग्रहण गाड़ियों को अपने तय रूट को शतप्रतिशत कवर करने के भी निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में उपायुक्त स्वास्थ्य संभव अयाची, प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी अंकिता बर्मन, प्रभारी सहायक यंत्री स्वास्थ्य अभिनव मिश्रा, सभी संभागों के सहायक स्वास्थ्य अधिकारी, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक, स्वास्थ्य निरीक्षक, संभागवार जन्म-मृत्यु शाखा लिपिक, सुपरवाइजर आदि उपस्थित रहे।
