जबलपुर। गौरीघाट थाना क्षेत्र के अवधपुरी में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां एक इंजीनियरिंग छात्रा ने अपनी बचपन की सहेली पर एसिड से हमला कर दिया। घटना में पीड़िता की मां भी झुलस गईं। आरोपी युवती को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, अवधपुरी निवासी पीरलाल दास की 23 वर्षीय बेटी श्रद्धा दास, बीबीए द्वितीय वर्ष की छात्रा है। उनके पड़ोस में रहने वाले अग्नि साहू की बेटी इशिता साहू, इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रही है। श्रद्धा और इशिता बचपन से अच्छी सहेलियां थीं, लेकिन हाल ही में किसी बात को लेकर दोनों में विवाद हो गया था। इसके बाद श्रद्धा ने इशिता से बातचीत बंद कर दी थी।
रविवार रात करीब साढ़े सात बजे, इशिता श्रद्धा के घर आई और उसे घर से बाहर टहलने के लिए कहा। उसने कहा कि वह उसे एक “सरप्राइज” देना चाहती है। पहले तो श्रद्धा ने मना किया, लेकिन इशिता के बार-बार आग्रह करने पर वह बाहर चली गई। मौका पाकर इशिता ने अपने साथ लाया हुआ एसिड जार से निकालकर श्रद्धा के चेहरे पर फेंक दिया।
श्रद्धा की तेज़ चीख-पुकार सुनकर उसकी मां ज्योत्सना और पिता पीरलाल बाहर आए। उन्होंने तुरंत श्रद्धा को बाथरूम में ले जाकर चेहरा पानी से धोया, और फिर उसे अस्पताल लेकर पहुंचे। इस दौरान ज्योत्सना भी एसिड की छींटों से झुलस गईं, उन्हें भी इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। श्रद्धा की हालत गंभीर लेकिन स्थिर बताई जा रही है, चेहरा, हाथ और पैर क हिस्से बुरी तरह झुलस गए हैं।
गौरीघाट थाना पुलिस ने आरोपी इशिता के खिलाफ धारा 326A (एसिड हमला), 307 (हत्या का प्रयास) सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हमला पूर्व नियोजित था और इशिता एसिड लेकर पहुंची थी।
