DB l दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर गुरुवार सुबह सिविल लाइंस स्थित उनके आधिकारिक आवास पर आयोजित जन सुनवाई के दौरान हमला किया गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान राजकोट, गुजरात निवासी राजेश भाई खिमजी भाई सकरिया (41 वर्ष) के रूप में हुई है, जिसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
सूत्रों के अनुसार, जन सुनवाई के दौरान आरोपी पहले कागज लेकर मुख्यमंत्री से मिला और अचानक उन पर भारी वस्तु फेंकी। इसके बाद उसने थप्पड़ मारा और गालियां दीं। हमले में रेखा गुप्ता जमीन पर गिर गईं। बताया जा रहा है कि आरोपी ने सीएम के बाल पकड़ने की भी कोशिश की। फिलहाल मुख्यमंत्री का मेडिकल कराया गया है और उनकी स्थिति सुरक्षित बताई जा रही है।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी बुधवार को राजकोट से दिल्ली ट्रेन से आया था और सिविल लाइंस के गुजराती भवन में ठहरा था। प्रारंभिक पूछताछ में उसने बताया कि वह एक डॉग लवर है और इस मुद्दे को लेकर दुखी था। वहीं, पुलिस को उसके मोबाइल से सीएम आवास की रेकी के वीडियो मिले हैं, जिससे साजिश की आशंका गहराती है। दिल्ली पुलिस ने आरोपी पर हत्या की कोशिश का केस दर्ज कर 7 दिन की रिमांड मांगी है।
भाजपा नेता कपिल मिश्रा ने कहा कि यह हमला केवल विरोध नहीं बल्कि मुख्यमंत्री की हत्या की कोशिश थी। भाजपा नेता हरीश खुराना ने इसे “सुनियोजित साजिश” करार दिया। उधर, विपक्षी नेता अरविंद केजरीवाल और पूर्व सीएम आतिशी ने इस घटना की कड़ी निंदा की और कहा कि लोकतंत्र में असहमति की जगह है, लेकिन हिंसा अस्वीकार्य है।
दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने भी इस हमले की निंदा की और पुलिस से कठोर कार्रवाई की मांग की। इस बीच, आरोपी के परिवार ने दावा किया कि राजेश पशु प्रेमी है और कुत्तों के मुद्दे को लेकर परेशान था। हालांकि, पुलिस और आईबी की संयुक्त टीमें मामले की गहराई से जांच कर रही हैं।
