DB l जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में गुरुवार, 22 जनवरी 2026 को एक दर्दनाक सैन्य हादसा हुआ, जिसमें भारतीय सेना के 10 जवानों की जान चली गई, जबकि 10 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा भद्रवाह–चंबा मार्ग पर खन्नीटॉप इलाके के पास हुआ, जब जवानों से भरी सेना की गाड़ी दुर्गम और तीव्र मोड़ पर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सेना का कैस्पर वाहन एक ऑपरेशनल ड्यूटी पर जा रहा था। वाहन में कुल 20 जवान सवार थे। सड़क की जर्जर हालत और खतरनाक मोड़ के कारण चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद गाड़ी करीब 200 से 400 फीट गहरी खाई में गिर गई। हादसे की सूचना मिलते ही सेना, पुलिस, SDRF और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।
कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद रेस्क्यू टीमों ने तेजी से घायलों को खाई से बाहर निकाला। मौके पर ही 10 जवानों को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि घायल जवानों को पहले उप जिला अस्पताल भद्रवाह ले जाया गया। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए 10 घायलों को एयरलिफ्ट कर उधमपुर स्थित सेना के कमांड अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

हादसे पर जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि डोडा में हुए इस दुर्भाग्यपूर्ण हादसे में देश ने अपने 10 वीर सपूत खो दिए हैं। उन्होंने शहीद जवानों के सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना जताई और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
गौरतलब है कि जम्मू-कश्मीर के पहाड़ी इलाकों में सेना के वाहनों के साथ ऐसे हादसे पहले भी हो चुके हैं, जिससे एक बार फिर दुर्गम क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा और वाहनों की आवाजाही को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
