DB l यमुना एक्सप्रेसवे पर घने कोहरे ने मंगलवार को बड़ा हादसा करा दिया। आगरा–नोएडा लेन पर मथुरा और आगरा के बीच खंदौली/बलदेव थाना क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे में कई बसें और कारें आपस में टकरा गईं। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहनों में आग लग गई, जिससे अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर करीब 3 किलोमीटर लंबा जाम लग गया और आगरा के टोल प्लाजा पर वाहनों को रोक दिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात करीब 2 बजे आगरा से नोएडा की ओर जा रही 8 बसें और 3 छोटी कारें घने कोहरे के कारण एक-दूसरे से टकरा गईं। दृश्यता बेहद कम होने के चलते वाहन चालकों को आगे का कुछ दिखाई नहीं दे रहा था। हादसे के बाद कई वाहनों में आग लग गई। इस दुर्घटना में अलग-अलग जगहों से मिली जानकारी के अनुसार 4 से लेकर 13 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि करीब 25 यात्री घायल हुए हैं। घायलों को एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंच गईं। सुबह करीब 9 बजे तक आग पर पूरी तरह काबू पाया गया। कई यात्री वाहनों के अंदर फंसे हुए थे, जिन्हें कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। कुछ यात्रियों ने बसों से कूदकर अपनी जान बचाई, जबकि कुछ लोग आग की चपेट में आ गए। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने घटना का संज्ञान लेते हुए घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं और मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये , घायलों को 50 हज़ार की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
हादसे के बाद एहतियातन टोल प्लाजा को बंद कर दिया गया और यातायात को सामान्य करने के लिए वाहनों को रॉन्ग साइड से निकाला गया। यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक वाहनों की व्यवस्था की गई। मौसम विभाग के अनुसार 17 दिसंबर को भी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में घना कोहरा छाया रहेगा। उत्तर भारत में अगले दो दिनों में तापमान में गिरावट आने से ठंड और बढ़ने की संभावना है। प्रशासन ने वाहन चालकों से कोहरे के दौरान सावधानी बरतने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
