0 0
Read Time:3 Minute, 51 Second

DB l बड़ी संख्या में बैग और धार्मिक किताबें बरामद, पुलिस कर रही गहन जांच…

जबलपुर जिले के पनागर क्षेत्र में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने संदिग्ध गतिविधियों के आरोप में सात युवकों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पकड़े गए युवक खुद को तब्लीगी जमात से जुड़ा बता रहे हैं। पुलिस ने सभी को पनागर थाने ले जाकर पूछताछ शुरू कर दी है और उनके दस्तावेजों व गतिविधियों की गहन जांच की जा रही है।

घटना पनागर के शिशु मंदिर के पास स्थित गौशाला क्षेत्र की बताई जा रही है। बजरंग दल के कार्यकर्ता वहां कार्य कर रहे थे, तभी उन्होंने पठानी मोहल्ला की ओर से सात युवकों को आते देखा। सभी के पास 20 से अधिक बड़े-बड़े बैग और एक पुरानी साइकिल थी। अपरिचित चेहरे, भारी सामान और कथित रूप से छिपते हुए आने के तरीके को देखकर कार्यकर्ताओं को संदेह हुआ। जब उनसे वहां आने का उद्देश्य पूछा गया तो संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसके बाद संगठन के अन्य पदाधिकारियों को सूचना दी गई और पुलिस को बुलाया गया।

file photo

पुलिस के अनुसार, तलाशी के दौरान युवकों के बैग से दिल्ली और झांसी पते वाले आधार कार्ड, खाने-पीने का सामान, कुरान और शरीयत से संबंधित कई धार्मिक पुस्तकें बरामद हुई हैं। प्रारंभिक पूछताछ में युवकों ने अपने नाम मोहम्मद इमरान, शाहिद अली, मोहम्मद उमर, सुहैल अरशी, मोहम्मद अरशद, शहाबुद्दीन और महमूद खान बताए हैं। इनमें से कुछ ने खुद को पूर्वी दिल्ली और कुछ ने झांसी का निवासी बताया है।

युवकों ने पुलिस को बताया कि वे दिल्ली से बस के जरिए झांसी पहुंचे, फिर सागर होते हुए शुक्रवार को जबलपुर आए। जबलपुर में वे गोहलपुर स्थित एक मस्जिद में रुके थे और इसके बाद पन्ना जाने की योजना थी। हालांकि, पनागर में उनके रुकने और पठानी मोहल्ला पहुंचने के उद्देश्य को लेकर पुलिस संतोषजनक निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है।

file photo

विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के पदाधिकारियों ने युवकों की भाषा, व्यवहार और गतिविधियों को संदिग्ध बताते हुए गहन जांच की मांग की है। संगठनों का आरोप है कि बिना किसी स्पष्ट कार्यक्रम या स्थानीय संपर्क के इस तरह छिपकर प्रवेश करना संदेह पैदा करता है। वहीं, पुलिस ने फिलहाल किसी भी आपराधिक या आतंकी गतिविधि की पुष्टि से इनकार किया है।

पनागर थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार ने बताया कि सभी युवकों के दस्तावेजों की जांच की जा रही है और उनके आवागमन, संपर्कों व उद्देश्य से जुड़े हर पहलू की पड़ताल की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Happy
Happy
0 %
Sad
Sad
0 %
Excited
Excited
0 %
Sleepy
Sleepy
0 %
Angry
Angry
0 %
Surprise
Surprise
0 %