जबलपुर। नगर निगमायुक्त श्रीमती प्रीति यादव के निर्देश पर मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए निगम द्वारा छिड़काव एवं फॉगिंग अभियान लगातार चलाया जा रहा है। निगम का उद्देश्य शहर में डेंगू, मलेरिया जैसी मच्छरजनित बीमारियों का फैलाव रोकना और नागरिकों को सुरक्षित रखना है। उपायुक्त संभव अयाची, स्वास्थ्य अधिकारी सुश्री अंकिता बर्मन और मुख्य स्वच्छता निरीक्षक प्रीतेष मसोड़कर ने जानकारी दी कि, विशेष अभियान के तहत सैकड़ों कॉलोनियों और बस्तियों में कीटनाशक दवा का छिड़काव और फॉगिंग की गई।

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने महाराणा प्रताप वार्ड, सागर कॉलोनी, लाल बाबा बस्ती, भाऊ कॉलोनी, एलआईजी परसवाड़ा, भूकम्प कॉलोनी, गढ़ा, मोहन बिहार, गौरीघाट क्षेत्र सहित दर्जनों मोहल्लों और बस्तियों में अभियान चलाया। इसी तरह जार्ज डिसल्वा, शीतला माई, लाला लाजपत राय, मदन मोहन मालवीय, सुभद्रा कुमारी चौहान, महर्षि वाल्मीक वार्ड आदि क्षेत्रों में भी दवा का छिड़काव किया गया। इसके साथ ही शासकीय स्कूलों और कार्यालयों में भी कीटनाशक दवा का छिड़काव एवं फॉगिंग की गई।
निगमायुक्त ने कहा कि शहर को बीमारियों से सुरक्षित रखने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा और नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे अपने आसपास पानी जमा न होने दें तथा स्वच्छता बनाए रखें।
