जबलपुर । घमापुर स्कूल में आयोजित शिविर में 141 दिव्यांग बच्चों को सहायक उपकरण प्रदान किये गए।
राज्य शासन के निर्देशानुसार विशेष आवश्यकता वाले दिव्यांग बच्चों के लिए विकासखंडवार चिन्हांकन उपरांत सहायक उपकरणों के वितरण हेतु शिविरों की शुरुआत आज गुरुवार को नगर शिक्षा केंद्र-दो के अंतर्गत घमापुर स्कूल से की गई। इस अवसर पर आयोजित शिविर में 141 दिव्यांग बच्चों को कुल 190 सहायक उपकरण प्रदान किए गए।
एलिम्को के सहयोग से इन बच्चों को ट्राई साइकिल, सीपी चेयर, एमआर किट, हियरिंग एड, व्हीलचेयर, कैलीपर्स, ब्रेल स्लेट, स्मार्ट केन आदि उपकरण वितरित किए गए। शिविर का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं मां सरस्वती की वंदना के साथ हुआ।

इस अवसर पर जिला परियोजना समन्वयक, राज्य शिक्षा केंद्र श्री योगेश शर्मा ने बच्चों को उपकरण वितरित करते हुए कहा कि विशेष आवश्यकता वाले बच्चों में किसी भी प्रकार की प्रतिभा की कमी नहीं है। आवश्यकता केवल उन्हें उचित अवसर और साधन उपलब्ध कराने की है ताकि वे भी मुख्यधारा में सम्मिलित हो सकें।
श्री शर्मा ने आगे बताया कि इस प्रकार के शिविर विकासखंड स्तर पर आयोजित किए जा रहे हैं। आगामी शिविरों की तिथियाँ निम्नानुसार निर्धारित की गई हैं: 18 जुलाई – कुंडम, 19 जुलाई – मझौली, 21 जुलाई – सिहोरा, 22 जुलाई – शहपुरा, 23 जुलाई – पाटन, 24 जुलाई – जबलपुर, 25 जुलाई – पनागर, 26 जुलाई – नगर शिक्षा केंद्र-एक, जबलपुर

इन शिविरों के माध्यम से अधिक से अधिक विशेष आवश्यकता वाले बच्चों तक सहायता पहुँचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
