जबलपुर संस्कारधानी में आज पूरे हर्ष और उत्साह के साथ 79वां स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। शहर के प्रमुख सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों, संस्थानों और सामाजिक संगठनों में तिरंगा फहराया गया और देशभक्ति के गीतों से वातावरण गूंज उठा।

मुख्य समारोह जिला मुख्यालय स्थित पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित किया गया।इस भव्य एवं गरिमामय समारोह में मुख्य अतिथि प्रदेश के उप मुख्यमंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री श्री जगदीश देवड़ा ने ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली। और स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को नमन किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल जश्न का दिन नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता और प्रगति के संकल्प का दिन है।

नगर निगम, रेलवे स्टेशन, क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय और विभिन्न सामाजिक संस्थाओं ने भी विशेष कार्यक्रम किए। जगह-जगह सांस्कृतिक कार्यक्रम, नृत्य, कविताएं और वादन प्रस्तुतियां हुईं। स्कूली बच्चों ने रंग-बिरंगे झंडों और पारंपरिक परिधानों में परेड कर देशभक्ति का संदेश दिया।

शहर की सड़कों और चौराहों को तिरंगे के रंगों से सजाया गया, वहीं ऐतिहासिक स्थलों और प्रमुख इमारतों पर रोशनी की विशेष व्यवस्था की गई। आमजन ने घरों, दुकानों और वाहनों पर तिरंगा फहराकर देश के प्रति सम्मान व्यक्त किया। जबलपुर का स्वतंत्रता दिवस उत्सव शहरवासियों की देशभक्ति और एकजुटता का अद्भुत उदाहरण बनकर यादगार रहा।
