DB । पनेहरा पेट्रोल पम्प परिसर में बिना फायर अनुमति चल रहा था आउटलेट, देर शाम तक जांच के बाद किया गया सील ।
जबलपुर। रांझी क्षेत्र स्थित पनेहरा पेट्रोल पम्प (अमीर एंड संस) परिसर में संचालित डोमिनोज फूड सेंटर पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उसे सील कर दिया। जांच में आउटलेट के पास फायर एनओसी नहीं होना सामने आया। पेट्रोल पम्प जैसे संवेदनशील परिसर में अग्नि सुरक्षा से जुड़ी अनिवार्य अनुमति के बिना खाद्य प्रतिष्ठान का संचालन किए जाने को प्रशासन ने गंभीरता से लिया।
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत पनेहरा स्थित अमीर एंड संस पेट्रोल पम्प का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान पेट्रोल पम्प परिसर में संचालित डोमिनोज आउटलेट की व्यवस्थाओं और दस्तावेजों की भी जांच की गई।

पेट्रोल पम्प पर किसी बड़े अग्नि हादसे की आशंका को देखते हुए कलेक्टर ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को आउटलेट की सभी अनुज्ञप्तियों, अनुमतियों और अग्नि सुरक्षा संबंधी दस्तावेजों की तत्काल जांच करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर के निर्देश के बाद डिप्टी कलेक्टर रघुवीर सिंह मरावी के नेतृत्व में अधिकारियों का दल शनिवार देर शाम तक मौके पर दस्तावेजों की पड़ताल करता रहा। जांच के दौरान आउटलेट के पास आवश्यक फायर एनओसी उपलब्ध नहीं मिली। इसके बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने कार्रवाई करते हुए डोमिनोज आउटलेट को सील कर दिया।
प्रशासन की इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि पेट्रोल पम्प जैसे ज्वलनशील पदार्थों वाले परिसर में सुरक्षा मानकों और आवश्यक अनुमतियों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अब संबंधित प्रतिष्ठान को नियमानुसार आवश्यक अनुमति और सुरक्षा मानकों की पूर्ति के बाद ही संचालन की अनुमति मिलने की संभावना है।
