File Photo
DB।जबलपुर। हनुमानताल थाना क्षेत्र में मूर्तिकार मनोज सोनकर उर्फ बाबा (50) की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने साजिश की कड़ियां जोड़ते हुए मुख्य आरोपित की बहन समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने खाई मोहल्ला निवासी स्वाती राव उर्फ शीनू और बाबा टोला निवासी सुमित चौधरी को गिरफ्तार किया है। वहीं मामले के मुख्य आरोपित शुभम मराठा और भरत यादव उर्फ चिंटू की तलाश जारी है।

पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह
पुलिस की जांच में सामने आया कि मनोज सोनकर की हत्या के पीछे करीब चार साल पुरानी रंजिश थी। वर्ष 2021 में मनोज के बेटों अनिकेत और छोटू पर शुभम मराठा के भाई बिट्टू मराठा की चाकू मारकर हत्या करने का आरोप लगा था। इसी घटना का बदला लेने के लिए मनोज को निशाना बनाने की साजिश रची गई।
जांच के अनुसार, हत्या की योजना स्वाती के घर पर बनाई गई थी। इसमें उसके पति सुब्बा राव, भाई शुभम मराठा और भरत यादव उर्फ चिंटू के शामिल होने की बात सामने आई है।
सुमित ने की थी रैकी
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार सुमित चौधरी ने मनोज की गतिविधियों पर नजर रखी और उसकी आवाजाही की जानकारी अन्य आरोपितों तक पहुंचाई। वारदात के बाद आरोपितों को भागने में भी मदद करने का आरोप सुमित पर है।
मूर्ति बनाते समय मारी गोली
चार सितंबर की रात मनोज अपने काम में व्यस्त होकर मूर्ति बना रहा था। इसी दौरान शुभम और भरत वहां पहुंचे और मनोज पर गोली चला दी। गंभीर रूप से घायल मनोज की मौत हो गई।
जांच के दौरान पुलिस को हत्या की योजना और आरोपितों की भूमिका से जुड़े अहम सुराग मिले, जिसके आधार पर स्वाती और सुमित को गिरफ्तार किया गया। अब पुलिस फरार शुभम और भरत की तलाश में जुटी है। पुलिस का कहना है कि दोनों की गिरफ्तारी के बाद हत्या की साजिश और घटनाक्रम से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा होने की उम्मीद है।
