file photo
DB। जबलपुर में साइबर ठगों का नया जाल, अधिकारी के 1.53 लाख और कपड़ा कारोबारी के 39 हजार रुपये क्रेडिट कार्ड से उड़ाए…
जबलपुर। शहर में साइबर ठगी के दो अलग-अलग मामलों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। साइबर ठगों ने अलग-अलग तरीकों से पशुपालन एवं डेयरी विभाग की असिस्टेंट फील्ड ऑफिसर और एक कपड़ा दुकान संचालक के क्रेडिट कार्ड से करीब 1 लाख 93 हजार रुपये की रकम निकाल ली। मामलों में अधारताल और गोराबाजार पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

APK फाइल पर क्लिक और मोबाइल हुआ हैंग
गोराबाजार थाना क्षेत्र के बिलहरी निवासी राजेश कुमार बहरानी (39) कपड़ा दुकान संचालक हैं। उनके मोबाइल पर एक APK फाइल प्राप्त हुई थी। उनकी पत्नी सौम्या ने अनजाने में उस फाइल पर क्लिक कर दिया। इसके बाद मोबाइल अचानक हैंग हो गया। कुछ समय बाद जानकारी मिली कि उनके क्रेडिट कार्ड से 39 हजार 346 रुपये की खरीदारी की जा चुकी है। घटना की शिकायत पुलिस से की गई, जिसके बाद मामले की जांच शुरू हुई।
फोन हैक कर क्रेडिट कार्ड से 1.53 लाख ट्रांसफर
दूसरा मामला अधारताल थाना क्षेत्र के जवाहर नगर का है। यहां रहने वाली राधा मार्को (51) पशुपालन एवं डेयरी विभाग में असिस्टेंट फील्ड ऑफिसर हैं। पुलिस के अनुसार, 13 सितंबर को उनका मोबाइल फोन हैक हो गया। इसके बाद उनके मोबाइल पर लगातार चार मैसेज आए, जिनमें क्रेडिट कार्ड से कुल 1 लाख 53 हजार 280 रुपये दूसरे खाते में ट्रांसफर किए जाने की जानकारी थी।
ठगी का पता चलने के बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस साइबर तकनीकी साक्ष्यों और लेन-देन से जुड़ी जानकारी के आधार पर आरोपितों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
पुलिस ने लोगों से अनजान APK फाइल, लिंक या मोबाइल पर आए संदिग्ध मैसेज पर क्लिक नहीं करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना देने की अपील की है।
