जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र में गांधी व्यायामशाला के पास स्थित एक निजी हॉस्टल में जबलपुर इंजीनियरिंग कॉलेज (JEC) के छात्र की मौत का मामला सामने आया है। छात्र का शव हॉस्टल के कमरे में मिला। मृतक की पहचान ओम पांडे के रूप में हुई है। वह मैकेनिकल इंजीनियरिंग के चौथे वर्ष के सातवें सेमेस्टर में अध्ययनरत था।
जानकारी के अनुसार, घटना के समय ओम के दोनों रूम पार्टनर किसी अन्य हॉस्टल में अपने दोस्तों से मिलने गए थे। उनके जाने के बाद ओम कमरे में अकेला था। कुछ समय बाद उसके कमरे में घटना की जानकारी सामने आई। उसके फंदे पर लटके होने की जानकारी सामने आई, तो सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

कुछ दिनों से तनाव में था छात्र
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ओम पिछले कुछ दिनों से मानसिक दबाव में था। बताया गया कि वह पढ़ाई में अच्छा छात्र था, लेकिन कुछ समय पहले तबीयत खराब होने के कारण उसके कुछ विषयों में बैक आ गई थी। इसके बाद वह पढ़ाई को लेकर दबाव महसूस कर रहा था। हालांकि, पुलिस अभी इसे मौत का निश्चित कारण नहीं मान रही है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
सुसाइड नोट नहीं मिला
पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस अधिकारियों द्वारा छात्र के रूम पार्टनर, दोस्तों और परिजनों से पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना से पहले की परिस्थितियों और उसके मानसिक तनाव के कारणों की जानकारी मिल सके।
पुलिस के अनुसार, ओम अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि मौत के पीछे किसी अन्य कारण की संभावना समेत सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
