file photo
DB । बैंक हड़ताल से एक हजार करोड़ से ज्यादा के लेन-देन पर असर, शनिवार-रविवार अवकाश से बढ़ी परेशानी; डिजिटल भुगतान ने दी राहत…
जबलपुर। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के आह्वान पर शुक्रवार को हुई राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल का जबलपुर में व्यापक असर देखने को मिला। जिले की करीब 300 बैंक शाखाओं में कामकाज पूरी तरह ठप रहा। बैंक अधिकारी-कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर शहीद स्मारक, गोलबाजार में प्रदर्शन किया। शुक्रवार की हड़ताल के बाद अब शनिवार और रविवार को बैंकिंग अवकाश होने के कारण लगातार तीन दिन तक शाखाओं में नियमित कामकाज प्रभावित रहेगा।
हड़ताल के चलते जिले में एक हजार करोड़ रुपये से अधिक के बैंकिंग लेन-देन प्रभावित होने का अनुमान है। नकद जमा-निकासी, चेक क्लियरेंस और शाखाओं से जुड़े अन्य जरूरी कामों के लिए ग्राहकों को सोमवार तक इंतजार करना पड़ सकता है। व्यापारियों के भुगतान और बड़े बैंकिंग लेन-देन पर भी इसका असर पड़ने की संभावना है।

मांगों को लेकर कर्मचारियों का प्रदर्शन
बैंक अधिकारी-कर्मचारी पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने, परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (पीएलआई) की मौजूदा नीति में सुधार सहित विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल पर रहे। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने कहा कि बैंकिंग व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में अधिकारी और कर्मचारी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, लेकिन लंबे समय से लंबित मांगों का अपेक्षित समाधान नहीं हुआ है।
यूनियंस के जबलपुर इकाई के संयोजक अभिषेक कुमार सिन्हा ने कहा कि देशभर के बैंक कर्मचारी और अधिकारी बैंकिंग व्यवस्था की रीढ़ हैं। राष्ट्रव्यापी हड़ताल में कर्मचारियों की व्यापक सहभागिता से स्पष्ट है कि बैंकिंग बिरादरी अपने लंबित मुद्दों को लेकर एकजुट है। उन्होंने मांगों का शीघ्र और सकारात्मक निराकरण नहीं होने पर आंदोलन को और व्यापक करने की बात कही।
ATM पर बढ़ा दबाव, कई जगह कैश खत्म
बैंक शाखाएं बंद रहने के कारण लोगों ने नकदी की जरूरत पूरी करने के लिए एटीएम का रुख किया। कुछ स्थानों पर एटीएम बंद रहे, जबकि जो एटीएम दोपहर बाद चालू हुए, वहां ग्राहकों की भीड़ बढ़ गई। अधिक निकासी के चलते कई एटीएम में कुछ ही समय बाद कैश खत्म हो गया।
हालांकि, UPI और ऑनलाइन बैंकिंग सेवाएं चालू रहने से डिजिटल भुगतान करने वाले ग्राहकों को राहत मिली। रोजमर्रा के ऑनलाइन लेन-देन पर हड़ताल का अपेक्षाकृत कम असर रहा, लेकिन नकद लेन-देन और शाखा आधारित सेवाओं के लिए ग्राहकों को परेशानी उठानी पड़ी।
हड़ताल का असर एक नजर में
- 300 बैंक शाखाओं में कामकाज प्रभावित
- 1000 करोड़ रुपये से अधिक के लेन-देन पर असर का अनुमान
- 3 दिन तक शाखाओं में नियमित कामकाज प्रभावित
- कई स्थानों पर ATM में कैश खत्म
- UPI और ऑनलाइन बैंकिंग से डिजिटल ग्राहकों को राहत
