जबलपुर । केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री जगत प्रकाश नड्डा आज (25 अगस्त) को दो दिवसीय प्रवास पर जबलपुर पहुंचेंगे। उनका यह दौरा प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा देने और जनहितैषी पहलों की शुरुआत के लिहाज से ऐतिहासिक माना जाएगा। श्री नड्डा सोमवार दोपहर विशेष विमान से जबलपुर आएंगे और भाजपा कार्यालय रानीताल में क्षेत्रीय संगठनात्मक बैठक में शामिल होंगे। इसके बाद वे नेताजी सुभाषचंद्र बोस सांस्कृतिक एवं सूचना केंद्र पहुंचेंगे, जहां मध्यप्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त करने वाले कई बड़े निर्णयों और योजनाओं का शुभारंभ किया जाएगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। कार्यक्रम में श्योपुर और सिंगरौली के नवीन शासकीय चिकित्सा महाविद्यालयों का लोकार्पण किया जाएगा। साथ ही धार, बैतूल, पन्ना और कटनी में पीपीपी मॉडल पर नए मेडिकल कॉलेज स्थापित करने हेतु अनुबंधों पर हस्ताक्षर भी होंगे। इन निर्णयों से प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य अधोसंरचना का व्यापक विस्तार होगा।
वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक बड़ी पहल के रूप में 8 लाख वय वंदना कार्ड वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया जाएगा। मातृ-शिशु सुरक्षा को मजबूत बनाने हेतु योजनाओं और ‘‘मातृ-शिशु सुरक्षा कार्ड’’ का भी शुभारंभ होगा। इसके साथ ही तकनीक आधारित सेवाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘‘आयुष्मान सखी’’ नामक स्मार्ट चैटबॉट लॉन्च किया जाएगा। यह चैटबॉट आमजन को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी और परामर्श प्राप्त करने का आसान माध्यम बनेगा। खास बात यह होगी कि मध्यप्रदेश देश का पहला राज्य बनेगा, जिसने आयुष्मान भारत योजना के लिए राज्य इलेक्ट्रॉनिक विकास निगम के सहयोग से यह व्हाट्सएप चैटबॉट विकसित किया है।
इसके अतिरिक्त ‘‘आशाओं से सीधा संवाद’’ नामक यूट्यूब चैनल की शुरुआत भी होगी। इस प्लेटफॉर्म से आशा कार्यकर्ताओं को सीधे जोड़ा जाएगा, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी मजबूती सुनिश्चित होगी। इन पहलों से चिकित्सा शिक्षा, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं, वरिष्ठ नागरिक कल्याण और तकनीकी नवाचार के क्षेत्र में प्रदेश को बड़ी उपलब्धियां मिलने वाली हैं।
अपने प्रवास के दौरान श्री नड्डा शाम को स्व. सुभाष चंद्र बैनर्जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे और उमघाट गौरीघाट में माँ नर्मदा की महाआरती में शामिल होंगे। अगले दिन 26 अगस्त को वे दोपहर विशेष विमान से नई दिल्ली प्रस्थान करेंगे। यह दौरा प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं के विकास की नई राह खोलेगा और आमजन को गुणवत्तापूर्ण एवं तकनीक आधारित स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
