DB l जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक यात्री घायल हो गए। हादसा रामनगर क्षेत्र के कघोट गांव के पास उस समय हुआ, जब एक यात्री बस अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस एक खतरनाक ब्लाइंड कर्व से गुजर रही थी। इसी दौरान चालक संतुलन खो बैठा और बस करीब 70-80 फीट गहरी खाई में गिर गई। हादसे के समय बस में बड़ी संख्या में यात्री सवार थे, जिनमें छात्र, शिक्षक और स्थानीय लोग शामिल बताए जा रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना सुबह करीब 9:40 से 10 बजे के बीच हुई।
दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीण सबसे पहले मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही पुलिस, ट्रैफिक पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि प्रशासन हर संभव मदद पहुंचा रहा है और गंभीर घायलों को एयरलिफ्ट करने की व्यवस्था की जा रही है। वहीं उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री ओमर अब्दुल्ला ने भी शोक व्यक्त किया है।
प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार, ओवरलोडिंग और खतरनाक मोड़ को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है।
