DB l दिल्ली के गांधी विहार से एक दिल दहला देने वाली मर्डर मिस्ट्री सामने आई है, जहां फॉरेंसिक साइंस की छात्रा ने अपने लिव-इन पार्टनर की हत्या कर उसे हादसे की शक्ल देने की साजिश रच डाली। पुलिस ने इस सनसनीखेज केस में लड़की समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस ‘क्राइम सीरीज़ स्टाइल’ मर्डर में UPSC की तैयारी कर रहे रामकेश मीणा को पहले गला दबाकर मारा गया, फिर शरीर पर घी, तेल और वाइन डालकर आग लगा दी गई ताकि सबको लगे कि ये गैस सिलेंडर ब्लास्ट का हादसा था
21 वर्षीय अमृता चौहान मुरादाबाद की रहने वाली है और फॉरेंसिक साइंस की छात्रा थी। वह गांधी विहार में 32 वर्षीय रामकेश मीणा के साथ लिव-इन में रह रही थी। दोनों के बीच विवाद तब शुरू हुआ जब अमृता को पता चला कि रामकेश ने उसकी निजी तस्वीरें और वीडियो एक हार्ड डिस्क में सेव कर रखी हैं। जब उसने इन्हें डिलीट करने को कहा, तो रामकेश ने मना कर दिया। गुस्से में तिलमिलाई अमृता ने अपने एक्स-बॉयफ्रेंड सुमित कश्यप — जो एलपीजी सिलेंडर डिस्ट्रीब्यूटर है — से बात की और साथ मिलकर ‘परफेक्ट मर्डर’ की योजना बनाई।

फॉरेंसिक की छात्रा होने के कारण अमृता को अपराधों की जांच की बारीक समझ थी। उसने उसी जानकारी का इस्तेमाल हत्या को हादसा दिखाने में किया। 5-6 अक्टूबर की रात अमृता अपने पूर्व प्रेमी सुमित और दोस्त संदीप कुमार (SSC अभ्यर्थी) के साथ फ्लैट में पहुंची। तीनों ने पहले रामकेश का गला घोंटा, फिर डंडे से पीट-पीटकर हत्या की। इसके बाद शरीर पर घी, तेल और शराब डाल दी ताकि आग तेजी से भड़के। सुमित ने गैस सिलेंडर का नॉब खोला, कमरे में गैस फैलाई और आग लगाकर फरार हो गया। कुछ देर बाद जोरदार धमाका हुआ और फ्लैट में आग लग गई। बाहर वालों को सब कुछ गैस ब्लास्ट जैसा लगा।
पहले पुलिस ने इसे हादसा माना, लेकिन FSL टीम को कमरे में असामान्य साक्ष्य मिले। CCTV फुटेज में रात 2:20 बजे दो लोग बिल्डिंग में घुसते दिखे और कुछ देर बाद एक महिला — बाद में जिसकी पहचान अमृता के रूप में हुई — अपने साथी के साथ निकलती दिखी। इसके ठीक बाद आग लग गई। मोबाइल डेटा में भी अमृता की लोकेशन उसी इलाके में मिली।
तकनीकी सर्विलांस और मोबाइल एनालिसिस के बाद पुलिस ने अमृता को 18 अक्टूबर को मुरादाबाद से गिरफ्तार किया। उसके ठिकाने से हार्ड डिस्क, ट्रॉली बैग और मृतक की शर्ट बरामद की गई। 22 और 23 अक्टूबर को उसके साथियों सुमित कश्यप और संदीप कुमार को भी गिरफ्तार किया गया। तीनों पर हत्या, आपराधिक साजिश और सबूत मिटाने की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
