DB l जैन समाज में आक्रोश, पुलिस को करना पड़ा लाठीचार्ज…
जबलपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत कमानिया गेट इलाके में शुक्रवार देर रात उस वक्त भारी बवाल मच गया, जब एक मिठाई दुकान पर हुई कहासुनी ने बड़े विवाद का रूप ले लिया। घटना शहर के प्रसिद्ध बड़ुकुल स्वीट्स की बताई जा रही है, जहां स्थानीय निवासी राजकुमार जैन नाश्ता करने पहुंचे थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रात करीब 11 बजे दुकान के मैनेजर रोहित राजपूत से किसी बात को लेकर राजकुमार जैन की कहासुनी हो गई। आरोप है कि इस दौरान न सिर्फ गाली-गलौज की गई, बल्कि जैन समाज को लेकर आपत्तिजनक शब्दों का भी इस्तेमाल किया गया। विवाद बढ़ने पर मैनेजर ने अपने कुछ साथियों को फोन कर बुला लिया, जो कथित तौर पर बेसबॉल बैट लेकर मौके पर पहुंचे और मारपीट शुरू कर दी।

घटना की खबर फैलते ही जैन समाज के सैकड़ों लोग मौके पर एकत्र हो गए और आक्रोशित भीड़ ने होटल मैनेजर के साथियों के साथ मारपीट कर दी। जान बचाने के लिए कुछ युवक दुकान के अंदर घुस गए। हालात बेकाबू होते देख पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। देर रात करीब 12 बजे 8 से 10 थानों का पुलिस बल बड़े फुहारा क्षेत्र पहुंचा।
भीड़ जब दुकान के अंदर छिपे आरोपी को बाहर निकालने की कोशिश करने लगी तो पुलिस ने रोका, जिससे तनाव और बढ़ गया। हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। इस दौरान भगदड़ मच गई, जिसमें कुछ लोग घायल हो गए, वहीं कुछ पुलिसकर्मियों को भी चोटें आई हैं।

एएसपी सिटी आयुष गुप्ता ने बताया कि राजकुमार जैन की शिकायत पर अतुल पटेल, रोहित राजपूत और सचिन शुक्ला के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य की भूमिका की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि स्थिति अब नियंत्रण में है और क्षेत्र में अतिरिक्त बल तैनात कर शांति बनाए रखी जा रही है।
