DB l व्यापारी संघों ने लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह का किया सम्मान, जबलपुर के विकास को महानगर स्वरूप देने की अवधारणा पर जोर
महाकौशल चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री और शहर के विभिन्न व्यापारी संघों ने लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह का सम्मान किया। इस अवसर पर आयोजित समारोह में मंत्री राकेश सिंह ने जबलपुर को महानगर का स्वरूप देने की दिशा में हुए प्रयासों और भावी योजनाओं पर प्रकाश डाला।

राकेश सिंह ने जनता और सरकार के सहयोग का प्रतीक बताते हुए कहा कि किसी भी क्षेत्र का विकास जनता की भागीदारी के बिना संभव नहीं है। उन्होंने “लोक निर्माण मैत्री” की अवधारणा रखते हुए कहा कि जनता और सरकार के बीच सहयोग से ही जबलपुर में बड़े विकास कार्य संभव हो पाए हैं।
अपने संबोधन में मंत्री श्री सिंह ने डुमना एयरपोर्ट पर हवाई सेवा और नाइट लैंडिंग सुविधा, आईटी पार्क की स्थापना, रेल सुविधाओं का विस्तार, मदनमहल-दमोह नाका फ्लाईओवर और जबलपुर-गोंदिया ब्रॉडगेज परियोजना जैसी उपलब्धियों का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि इन योजनाओं को पूरा करने के लिए कठिन संघर्ष करना पड़ा, किंतु शहरवासियों के सहयोग से यह संभव हो सका।

मंत्री ने केंद्रीय सड़क परिवाहन मंत्री नितिन गडकरी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के योगदान को रेखांकित करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के सामंजस्य के कारण ही जबलपुर को प्रदेश का सबसे बड़ा फ्लाईओवर और अन्य सौगातें मिल पाई हैं।
भविष्य की योजनाओं पर बोलते हुए श्री सिंह ने घोषणा की कि जबलपुर में देश की दूसरी सबसे बड़ी रिंग रोड बनेगी, नर्मदा तट को साबरमती रिवरफ्रंट की तर्ज पर विकसित किया जाएगा और शहर को दो रोप-वे की सौगात जल्द मिलेगी। इसके अलावा यातायात सुगम बनाने के लिए नए फ्लाईओवर भी निर्मित होंगे। कार्यक्रम में चेम्बर अध्यक्ष श्री रवि गुप्ता और व्यापारी संघों के पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित थे। समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से हुआ और समापन में मंत्री ने भी व्यापारी संघ के पदाधिकारियों का सम्मान किया।
