DB l बाबा सिद्दीकी हत्याकांड का मास्टरमाइंड गिरफ़्तार l
एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी हत्याकांड के मुख्य साजिशकर्ता और भारत के सबसे वांटेड गैंगस्टरों में शामिल अनमोल बिश्नोई को अमेरिका से डिपोर्ट कर बुधवार सुबह दिल्ली लाया जा रहा है। अमेरिकी एजेंसियों की कार्रवाई के बाद अनमोल के प्रत्यर्पण की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। सुरक्षा एजेंसियों ने इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर विशेष टीमों की तैनाती कर दी है ताकि उसे सुरक्षित हिरासत में लिया जा सके।
अनमोल, गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का भाई है और लंबे समय से भारत की विभिन्न एजेंसियों को उसकी तलाश थी। वह अप्रैल 2022 में नकली पासपोर्ट के सहारे देश से फरार हो गया था। इसी अवधि में 29 मई 2022 को पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या हुई, जिसके बाद अनमोल की गतिविधियों पर और सवाल उठे। माना जाता है कि वह फर्जी रूसी दस्तावेजों के सहारे अमेरिका-कनाडा के बीच लगातार घूमता रहा और वहीं से गिरोह का संचालन करता रहा।

NIA की 24 मार्च 2023 की चार्जशीट के अनुसार, अनमोल बिश्नोई और गोल्डी बराड़ अमेरिका से बिश्नोई गैंग की फाइनेंशियल और लॉजिस्टिक गतिविधियों को नियंत्रित करते थे और कई प्रो-खालिस्तान नेटवर्क से जुड़े लोगों के संपर्क में रहते थे। विदेश में रहते हुए भी वह एन्क्रिप्टेड चैट ऐप का उपयोग कर उगाही, सुपारी किलिंग, हथियारों की सप्लाई और गैंग के अन्य ऑपरेशन चलाता रहा।
अनमोल के खिलाफ पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली और महाराष्ट्र में हत्या, हत्या के प्रयास, उगाही, हथियार रखने और संगठित अपराध से जुड़े अनेक मामले दर्ज हैं। वह सलमान खान के घर फायरिंग प्रकरण में भी संदिग्ध माना जाता रहा। अमेरिका में गिरफ्तारी के दौरान उसे कैलिफ़ोर्निया में रखा गया था, जहां उसके पैर में जीपीएस-सक्षम एंकल मॉनिटर लगाया गया था। मंगलवार को अनमोल सहित कुल 200 भारतीय नागरिकों को जिनमें 197 अवैध प्रवासी भी शामिल हैं उनको अमेरिका से भारत भेजा गया। अब दिल्ली पहुंचते ही एजेंसियां उससे कई हाई-प्रोफाइल मामलों में पूछताछ शुरू करेंगी।
