DB l बीसीसीआई (BCCI – भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड) ने एशिया कप 2025 के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया है। मुंबई स्थित बीसीसीआई हेडक्वार्टर में चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर और कप्तान सूर्यकुमार यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर टीम का ऐलान किया। इस बार टूर्नामेंट का आयोजन 9 से 28 सितंबर तक संयुक्त अरब अमीरात (अबू धाबी और दुबई) में टी20 फॉर्मेट में होगा।
टीम की कमान सूर्यकुमार यादव को सौंपी गई है, जबकि शुभमन गिल को उपकप्तानी दी गई है। यह गिल के करियर के लिए अहम जिम्मेदारी मानी जा रही है। इंग्लैंड दौरे पर धमाकेदार प्रदर्शन करने वाले मोहम्मद सिराज को आराम दिया गया है।
बैटिंग ऑर्डर और विकेटकीपिंग
अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन बतौर ओपनर उतर सकते हैं। तिलक वर्मा तीसरे नंबर पर और कप्तान सूर्यकुमार यादव चौथे नंबर पर खेलेंगे। शुभमन गिल की बैटिंग पोजीशन पर सभी की नजरें रहेंगी। विकेटकीपर बल्लेबाज के तौर पर संजू सैमसन और जितेश शर्मा को टीम में चुना गया है, जिसमें जितेश बैकअप रहेंगे।
गेंदबाजी और ऑलराउंडर
तेज गेंदबाजी का नेतृत्व जसप्रीत बुमराह करेंगे। उनके साथ अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा को टीम में शामिल किया गया है। स्पिन विभाग में कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती जिम्मेदारी संभालेंगे। ऑलराउंडर्स के तौर पर हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे और अक्षर पटेल को स्क्वॉड का हिस्सा बनाया गया है।

बड़े नाम बाहर
बीसीसीआई ने श्रेयस अय्यर, यशस्वी जायसवाल, रवि बिश्नोई और वॉशिंगटन सुंदर को टीम में जगह नहीं दी। हालांकि स्टैंडबाय खिलाड़ियों में प्रसिद्ध कृष्णा, वॉशिंगटन सुंदर, रियान पराग, ध्रुव जुरेल और यशस्वी जायसवाल को शामिल किया गया है।
भारतीय टीम ग्रुप-ए में पाकिस्तान, ओमान और यूएई के साथ रखी गई है। भारत अपना पहला मुकाबला 10 सितंबर को दुबई में यूएई के खिलाफ खेलेगा। टूर्नामेंट में दोनों ग्रुप की शीर्ष दो-दो टीमें सुपर-4 स्टेज में जाएंगी और अंत में दो टीमों के बीच फाइनल खेला जाएगा।
भारतीय स्क्वॉड – एशिया कप 2025 (बीसीसीआई द्वारा घोषित)
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जितेश शर्मा, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, संजू सैमसन, हर्षित राणा और रिंकू सिंह।
