DB l केरल दौरे पर पहुंचीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ बुधवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। पथनमथिट्टा जिले के प्रमादोम स्थित राजीव गांधी इंडोर स्टेडियम में राष्ट्रपति को ले जाने वाला वायु सेना का हेलिकॉप्टर जैसे ही उतरा, हेलीपैड का टारमैक अचानक धंस गया। बताया गया कि जिस जगह यह हेलीपैड तैयार किया गया था, वह राष्ट्रपति के हेलिकॉप्टर का वजन नहीं झेल सका और पहियों के नीचे की सतह टूटकर गड्ढों में बदल गई।
गनीमत यह रही कि हेलिकॉप्टर लैंडिंग के समय कोई हादसा नहीं हुआ और राष्ट्रपति पूरी तरह सुरक्षित रहीं। हेलिकॉप्टर से उतरने के बाद राष्ट्रपति का काफिला सड़क मार्ग से पंबा के लिए रवाना हो गया। वहीं, बाद में मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी और अग्निशमन दल के जवानों ने हेलिकॉप्टर को गड्ढों से निकालने का काम किया।

अधिकारियों के अनुसार, यह घटना आखिरी समय पर लैंडिंग पॉइंट बदलने की वजह से हुई। दरअसल, राष्ट्रपति के हेलिकॉप्टर की लैंडिंग पहले पंबा के पास निलक्कल में तय थी, लेकिन खराब मौसम के चलते उसे प्रमादोम में स्थानांतरित किया गया। इसके चलते मंगलवार देर रात ही नया हेलीपैड बनाया गया था, जो पूरी तरह सूख नहीं पाया था। जब हेलिकॉप्टर उतरा तो भारी वजन के कारण कंक्रीट की सतह धंस गई।
यह घटना राष्ट्रपति की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। प्रशासनिक लापरवाही का यह मामला न केवल सुरक्षा मानकों पर ढील का संकेत देता है, बल्कि यह भी दिखाता है कि वीवीआईपी कार्यक्रमों में तैयारी कितनी जल्दबाजी में की जाती है। राहत की बात यह रही कि राष्ट्रपति मुर्मू सुरक्षित रहीं और उनका सबरीमाला मंदिर का दौरा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी रहा।
