DB l 10 राज्यों की 37 राज्यसभा सीटों पर 16 मार्च को चुनाव बीजेपी की ताकत बढ़ने के आसार…
चुनाव आयोग ने 10 राज्यों में खाली हो रही राज्यसभा की 37 सीटों के लिए द्विवार्षिक चुनाव की घोषणा कर दी है। इन सीटों पर मतदान 16 मार्च को होगा। चुनाव प्रक्रिया 26 फरवरी को अधिसूचना जारी होने के साथ शुरू होगी। नामांकन की अंतिम तिथि 5 मार्च, नाम वापसी की अंतिम तिथि 9 मार्च तय की गई है। 16 मार्च को मतदान के बाद उसी दिन शाम 5 बजे से मतगणना शुरू होगी।
महाराष्ट्र, ओडिशा, तेलंगाना, तमिलनाडु, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, असम, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और बिहार में चुनाव कराए जाएंगे। महाराष्ट्र से सबसे अधिक 7 सीटें खाली हो रही हैं, जबकि तमिलनाडु में 6 और पश्चिम बंगाल व बिहार में 5-5 सीटों पर चुनाव होंगे। राज्यसभा का कार्यकाल 6 वर्ष का होता है और हर दो साल में एक-तिहाई सदस्य सेवानिवृत्त होते हैं, इसलिए इसे स्थायी सदन कहा जाता है।

राज्यसभा चुनाव अप्रत्यक्ष प्रणाली से होते हैं, जिसमें आम जनता मतदान नहीं करती बल्कि संबंधित राज्यों के विधायक (MLAs) अपने मताधिकार का प्रयोग करते हैं। मतदान वरीयता क्रम (1, 2, 3…) के आधार पर होता है और यह खुला मतदान होता है।
राजनीतिक दृष्टि से इन चुनावों के बाद राज्यसभा का समीकरण बदल सकता है। अनुमान है कि बीजेपी और एनडीए की ताकत में बढ़ोतरी होगी, जबकि कांग्रेस को कुछ राज्यों में नुकसान उठाना पड़ सकता है। इस साल कुल 72 सीटों पर चुनाव होने हैं, जिनमें पहले चरण में 37 सीटों पर मतदान होगा। चुनाव परिणाम के बाद उच्च सदन में बीजेपी की स्थिति और मजबूत होने की संभावना जताई जा रही है।
