दौसा में पुलिस बस का भीषण हादसा, कुख्यात डकैत और पुलिसकर्मी घायल…
DB l राजस्थान के दौसा जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग 21 पर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। नागौर से एक कुख्यात डकैत को धौलपुर ले जा रही पुलिस बस एक खड़े ट्रक से जा टकराई। इस टक्कर में बस में सवार पुलिसकर्मी और डकैत धर्मेंद्र उर्फ लुक्का घायल हो गए।

दुर्घटना दौसा के सदर थाना इलाके के कालाखो के पास हुई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह से पिचक गया, जिससे ड्राइवर और एक एएसआई सहित कई पुलिसकर्मी अंदर फंस गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया और तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे में घायल हुए पुलिसकर्मियों में एएसआई भंवर सिंह और कांस्टेबल संदीप को जयपुर रेफर किया गया है, जबकि कमांडो धर्मेंद्र और राजेश का इलाज दौसा जिला अस्पताल में चल रहा है। हार्डकोर बदमाश लुक्का का भी दौसा के अस्पताल में इलाज हो रहा है।

जानकारी के अनुसार, जिस डकैत को ले जाया जा रहा था, उसे गिरफ्तार करने के लिए पुलिस को 100 राउंड गोलियां चलानी पड़ी थीं। फिलहाल पुलिस ने हाईवे पर लगे जाम को खुलवा दिया है और हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रथम दृष्टया हाईवे पर खड़े खराब ट्रक और नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) की लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है।
