0 0
Read Time:3 Minute, 51 Second

DB l मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में कोल्ड्रिफ कफ सिरप के सेवन से 22 से अधिक बच्चों की मौत ने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया। जैसे ही यह खबर सामने आई, जिले में हड़कंप मच गया और मामले ने राजनीतिक व स्वास्थ्य महकमे में हलचल पैदा कर दी। छिंदवाड़ा ही नहीं, राजस्थान में भी इसी सिरप से बच्चों की मौत के मामले सामने आए हैं। घटना के बाद मध्य प्रदेश सरकार ने तत्काल एक्शन लेते हुए कोल्ड्रिफ सिरप की बिक्री पर रोक लगा दी। जल्द ही राजस्थान, गुजरात, पंजाब, यूपी, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों ने भी इस सिरप की बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने इसे “गंभीर आपराधिक लापरवाही” करार दिया और दोषी दवा कंपनी के कर्मचारियों के साथ-साथ लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने भोपाल स्थित अपने निवास कार्यालय में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर राज्य और केंद्र के ड्रग कंट्रोल विभागों को सघन जांच के निर्देश दिए। केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (CDSCO) के साथ मिलकर राज्य सरकार ने कफ सिरप बनाने वाली सभी कंपनियों की जांच शुरू कर दी है। जांच के दौरान कोल्ड्रिफ, रिलीफ और रेस्पिफ्रेश टीआर सिरप की गुणवत्ता संदिग्ध पाई गई है, और इनकी बिक्री, स्टॉक और जब्ती पर दैनिक निगरानी की जा रही है।

सरकार ने इस मामले में नई गाइडलाइंस भी लागू की हैं। अब कोडीन युक्त दवाएं केवल पंजीकृत चिकित्सक के पर्चे पर ही बेची जाएंगी। साथ ही, थोक और खुदरा विक्रेताओं को तय मात्रा से अधिक बिक्री की सूचना औषधि निरीक्षक को देना अनिवार्य होगा। केंद्र सरकार ने भी राज्य के अनुरोध पर डायथाइलीन ग्लाइकोल और इथिलीन ग्लाइकोल जैसे खतरनाक रसायनों की जांच को अनिवार्य कर दिया है। बाल रोग विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि बिना डॉक्टर की सलाह के छोटे बच्चों को इस तरह की दवाएं देना जानलेवा हो सकता है, क्योंकि ये दवाएं बलगम को पतला करती हैं, जिसे नवजात निकाल नहीं पाते और दम घुटने की स्थिति बन सकती है।

स्वास्थ्य मंत्री ने स्पष्ट किया कि यह कोई साधारण चूक नहीं बल्कि एक गंभीर अपराध है, जिसमें प्रदेश ने अपने अनमोल बच्चों को खोया है। उन्होंने कहा कि न तो कंपनी और न ही लापरवाह अधिकारी बख्शे जाएंगे। राज्य सरकार की कोशिश है कि इस मामले से देशभर के ड्रग मैन्युफैक्चरर्स और डिस्ट्रीब्यूटर सबक लें और सख्ती से नियमों का पालन करें।

Happy
Happy
0 %
Sad
Sad
0 %
Excited
Excited
0 %
Sleepy
Sleepy
0 %
Angry
Angry
0 %
Surprise
Surprise
0 %